छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में बिंदेश्वरी पार्क को प्रशासन ने सील कर दिया है। गुरुवार को बिजली चोरी के मामले में यह कार्रवाई की गई है। दो साल पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपनी मां स्व. बिंदेश्वरी बघेल की स्मृति में यह पार्क बनाया था। जानकारी के मुताबिक, डौंडीलोहारा ब्लॉक के ग्राम भरदा स्थित इस पार्क का निर्माण कांग्रेस नेता और पूर्व जनपद सदस्य राजेश साहू के कार्यकाल में पूरा हुआ था। आरोप है कि पार्क परिसर और वहां संचालित कैंटीन में पिछले दो सालों से हुकिंग कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया जा रहा था। मामले की जानकारी मिलने पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए पार्क को सील कर दिया। हुकिंग से चल रहा था थ्री फेज कनेक्शन बिजली विभाग को सूचना मिली थी कि पार्क परिसर में बिना वैध कनेक्शन के बिजली का उपयोग किया जा रहा है। जब टीम पहुंची तो कैंटीन और अन्य हिस्सों में सीधे निम्न दाब विद्युत लाइन से हुकिंग करके थ्री फेज बिजली चलाते हुए पाया गया। मौके से 659 एमएम चार कोर काला केबल, 50 मीटर वायर समेत अन्य उपकरण जब्त किए गए। 14 हजार 860 वॉट लोड का खुलासा, कांग्रेस नेता फंसे निरीक्षण के दौरान 14,860 वॉट भार का उपयोग दर्ज किया गया। इसके आधार पर पार्क कैंटीन के संचालक कांग्रेस नेता और पूर्व जनपद सदस्य राजेश साहू के खिलाफ बिजली चोरी का मामला दर्ज किया गया है। यह भी सामने आया है कि पिछले दो साल से बिना बिजली कनेक्शन के यह संचालन चल रहा था। कैंटीन को मिल रही थी बिजली, विभागीय मिलीभगत की आशंका ग्रामीणों का कहना है कि पार्क और कैंटीन में बिजली विभाग के कुछ कर्मचारियों की अनदेखी या मिलीभगत के बिना इतने लंबे समय तक चोरी संभव नहीं थी। अब इस एंगल से भी जांच की जा रही है। बता दें यह वही पार्क है, जिसका उद्घाटन 10 जुलाई 2023 को खुद भूपेश बघेल ने अपनी मां की स्मृति में किया था। पार्क परिसर में उनकी प्रतिमा भी स्थापित है। लेकिन अब यह स्थल राजनीतिक और प्रशासनिक जांच के घेरे में आ गया है। अधिकारियों की मौजूदगी में सीलिंग डौंडीलोहारा एसडीएम, तहसीलदार, देवरी थाना प्रभारी और विद्युत विभाग के EE, JE, AE की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। निरीक्षण के तुरंत बाद बिजली आपूर्ति काट दी गई और परिसर को सील कर दिया गया है। बिजली विभाग के कार्यपालन अभियंता (EE) एसके बांड ने बताया कि पार्क परिसर में चोरी कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया जा रहा था। विभाग की टीम ने मौके पर छापा मारकर बिजली चोरी पकड़ी है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। सहायक अभियंता (AE) ने मंगचुआ थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। अपर कलेक्टर ने कही ये बात इस मामले में अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक ने बताया कि डौंडीलोहारा क्षेत्र में शासकीय मद से निर्मित स्व. बिंदेश्वरी बघेल पार्क का संचालन एक व्यक्ति विशेष की ओर से अनधिकृत रूप से किया जा रहा था। साथ ही वहां बिजली कनेक्शन भी अवैध तरीके से लिया गया था। मामला जैसे ही प्रशासन के संज्ञान में आया। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) डौंडीलोहारा के माध्यम से तत्काल कार्रवाई की गई। प्राथमिक चरण में पार्क को सील किया गया है और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई जारी है।


