छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में कांग्रेस के पूर्व विधायक चक्रधर सिंह सिदार के भाई जयपाल सिंह सिदार की सुपारी देकर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि जयपाल की हत्या अवैध संबंध के शक में कराई गई थी। हत्या की सुपारी एक लाख रुपए में दी गई थी, जिसमें से 10 हजार रुपए एडवांस में दिए गए थे। हत्या को अंजाम देने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं हत्या की साजिश रचने वाला शिव साहू पहले से ही जेल में बंद है। शिव को पत्नी पर जयपाल के साथ अफेयर होने का शक था। आरोपियों ने चलती कार में जयपाल की गला घोंटकर हत्या की और शव को जंगल में फेंक दिया था। पुलिस कार बरामद होने के बाद जांच कर आरोपियों तक पहुंची। बता दें कि ग्राम सचिव जयपाल 7 जुलाई से लापता था। पहले तो उसे लापता मानकर पुलिस तलाश में जुटी रही, लेकिन 23 दिन बाद सिसरिंगा घाटी के जंगल में ग्राम सचिव का शव सड़ी-गली हालत में बरामद हुआ। ऐसे हुए थे लापता ग्राम कटकलिया के रहने वाले जयपाल सिंह सिदार (43 साल) पाखर गांव में ग्राम सचिव था। 7 जुलाई की सुबह वह अपने छोटे बेटे को लैलूंगा के आत्मानंद स्कूल छोड़ने के लिए कार से निकले थे। इसके बाद वापस घर नहीं लौटे। सुबह से रात तक कुछ पता नहीं चलने पर परिजनों को भी चिंता हुई। आसपास और परिचितों के यहां खोजबीन शुरू कर दी गई, तब भी कुछ पता नहीं चला। ऐसे में अगले दिन जयपाल के परिजन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। परिजनों के जांच करने पर जयपाल के फोन का लास्ट लोकेशन जशपुर में मिला था। इस बीच लापता जयपाल सिंह सिदार के बारे में सूचना देने वालों को परिजनों ने 21 हजार रुपए नगद देने की भी घोषणा की थी। इसी बीच पुलिस मामले की जांच कर रही थी। जंगल में मंदिर के पास मिली सड़ी-गली लाश 30 जुलाई को सिसरिंगा के जंगल में मंदिर के पास सड़ी-गली लाश की सूचना मिली। लाश इतनी गल गई थी कि पहचान पाना मुश्किल था। उसमें दुर्गंध भी आ रही थी और डेडबॉडी में हाफ शर्ट-ब्लू कलर का जींस था। सिर कंकाल बन चुका था। कपड़े बॉडी में चिपके हुए मिले। पुलिस को लापता जयपाल की लाश होने की आशंका हुई। जिसके बाद साइबर की टीम मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी। इसकी पहचान के लिए परिजनों को भी मौके पर बुलाया गया। जिसके बाद बॉडी जयपाल के होने की ही पुष्टि हुई। अवैध संबंध के शक में कराई गई हत्या पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने जयपाल सिंह की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए बताया कि यह हत्या अवैध संबंध के शक में कराई गई थी। सुपारी देने वाला आरोपी शिव साहू, पहले से ही एक हत्या के मामले में जेल में बंद है। उसे शक था कि उसकी पत्नी का जयपाल से अफेयर है। इस केस में कुल 4 लोग आरोपी हैं, जिनमें से 3 को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है। …………………… इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… भाजपा नेता मर्डर केस…रायपुर से कांग्रेस नेता गिरफ्तार: NIA ने शिवानंद को पकड़ा, विधानसभा चुनाव से 3 दिन पहले रतन दुबे की हुई थी हत्या छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में भाजपा नेता रतन दुबे की हत्या के मामले में नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने रायपुर से कांग्रेस नेता शिवानंद नाग को गिरफ्तार किया है। शिवानंद नाग नारायणपुर जिला युवा कांग्रेस कमेटी के महासचिव हैं। पढ़ें पूरी खबर…


