भास्कर संवाददाता | बाड़मेर जिला स्तरीय हाट मेला आयोजन समिति की बैठक अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेन्द्रसिंह चांदावत की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित की गई। बैठक में मेला आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार के साथ चर्चा पश्चात मेले से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं पुख्ता रखने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेन्द्रसिंह चांदावत ने मेला स्थल पर विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ पर्याप्त सफाई व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। महिला अधिकारिता विभाग के उप निदेशक प्रहलादसिंह राजपुरोहित ने बताया कि इस मेले में विभिन्न जिलों से हस्त निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। इससे महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से निर्मित उत्पादों के विपणन को बढ़ावा मिलेगा। स्वयं सहायता समूह महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से हस्तनिर्मित एवं मूल्य संवर्धित उत्पादों के प्रदर्शन, विपणन तथा उनकी अलग पहचान स्थापित कराने के लिए जिला मुख्यालय पर 1 से 5 जनवरी तक महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय स्टेशन रोड बाड़मेर में जिला स्तरीय अमृता हाट का आयोजन किया जाएगा। इसमें 60 महिला स्वयं सहायता समूह अपने हस्त निर्मित उत्पादों सहित भाग लेगी। बैठक में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नुकेश बागोरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जसाराम बोस, आयुक्त नगर परिषद श्रवणसिंह, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी.सी. दीपन, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मुरलीधर यादव, उप निदेशक आईसीडीएस सोमेश्वर देवड़ा, प्रमोद वैष्णव, उद्योग विभाग महाप्रबंधक अनन्त आर्य, मोतीलाल जांगिड़, श्रम निरीक्षक मूलाराम जाखड़ आदि ने भाग लिया।


