तहसील कार्यालय में कामकाज ठप, हड़ताल से पक्षकार परेशान

भास्कर न्यूज | तुस्मा शिवरीनारायण तहसील में तहसीलदार और नायब तहसीलदार की अनिश्चितकालीन हड़ताल से सरकारी कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है। 31 जुलाई को पूरे दिन कार्यालय में सन्नाटा पसरा रहा। प्रशासनिक गतिविधियां रुकने से आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। जमीन से जुड़े कार्य, जाति और निवास प्रमाण पत्र, नामांतरण, बंटवारा और राजस्व वसूली जैसे जरूरी काम अटक गए हैं। राज्यभर में तहसीलदार और नायब तहसीलदार पदोन्नति, काम के अत्यधिक बोझ और संसाधनों की कमी को लेकर हड़ताल पर हैं। शिवरीनारायण कार्यालय में रोज सैकड़ों लोग अपने कामों के लिए पहुंचते हैं। लेकिन अधिकारियों की गैरमौजूदगी में उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। कई लोग दूर-दराज के गांवों से आए। समय और पैसा खर्च किया। फिर भी काम नहीं हुआ। अब उन्हें दोबारा लौटने की मजबूरी झेलनी पड़ रही है। गांव से आए एक पक्षकार ने बताया कि वह कई दिनों से नामांतरण के लिए चक्कर काट रहा है। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। जरूरी कामों के अटकने से लोगों को आर्थिक और सामाजिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *