बिहान योजना: कांसाबेल की शशिकला बनीं आत्मनिर्भर, खोला खुद का होटल

भास्कर न्यूज | जशपुरनगर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिले जशपुर की महिलाएं आत्मनिर्भर बनने की दिशा में लगातार कदम बढ़ा रही हैं। कांसाबेल विकासखंड के ग्राम केनादाड़ की शशिकला खलखो इस बात का जीवंत उदाहरण हैं। एक सामान्य गृहिणी और किसान से आज वह सफल होटल व्यवसायी बन चुकी हैं। शशिकला वर्ष 2008 से ‘जीवन ज्योति स्व सहायता समूह’ की सक्रिय सदस्य हैं। इस 11 सदस्यीय समूह ने शुरुआत में मिलकर खेती की थी। ‘बिहान योजना’ से जुड़ने के बाद उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया। अब वह अपने बच्चों को पढ़ा रही हैं और खुद भी आत्मनिर्भर बनी हैं। हाल ही में उन्होंने होटल व्यवसाय शुरू किया है, जिससे समूह की महिलाओं को अच्छी आमदनी हो रही है। इस व्यवसाय के लिए उन्हें मुद्रा योजना और सीआईएफ मद से 60 हजार रुपये की सहायता मिली। शशिकला बताती हैं कि यह शुरुआत अच्छी रही है और इस महीने उन्हें अच्छी आमदनी हुई है। इसके पहले वह खाद्य विभाग की पीडीएस दुकान भी चला चुकी हैं। उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना से पक्का मकान मिला है, साथ ही महतारी वंदन योजना के तहत हर माह 1000 रुपये की सहायता भी मिलती है। उज्ज्वला योजना से गैस सिलेंडर मिलने की सुविधा भी उन्हें प्राप्त हुई है। शशिकला अपनी सफलता का श्रेय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को देती हैं। उनका कहना है कि सरकार की योजनाओं से उन्हें आगे बढ़ने का मौका मिला है। अब वह दूसरी महिलाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *