भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा गाडरी पूर्बिया समाज महासभा के तत्वावधान में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता एवं प्रतिभा सम्मान समारोह शुक्रवार सुबह गांधीनगर गाडरीखेड़ा से बैंडबाजे के साथ निकाली कलश यात्रा से हुआ। पहले दिन कलश यात्रा के बाद खेड़ाखूंट माताजी स्थिल पर बनाई गई भोजनशाला का उदघाटन किया गया। पहले दिन बारिश के कारण क्रिकेट के दो मैच खेले गए, जिसमें बीलिया खुर्द व पांसल की टीमें विजयी रही। शुभारंभ पर वक्ताओं ने समाज में बालिका शिक्षा पर जोर दिया। कलश यात्रा के दौरान विशाल मेगा मार्ट के पास स्थित अहिल्या बाई की मूर्ति पर माल्यार्पण व पुष्पवर्षा की गई। क्रिकेट मेच हरणी महादेव मेला ग्राउंड में मांडल व बीलिया खुर्द तथा कोटड़ी व पासंल की टीमों के बीच खेले गए। बीलिया खुर्द की टीम 10 विकेट से तथा पांसल की टीम 24 रन से जीती। मुख्य अतिथि नगर निगम के महापौर राकेश पाठक उदघाटन समारोह को सबोधित करते हुए बालिका शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि यदि समाज को आगे बढ़ाना है, तो प्रत्येक बालक-बालिका को शिक्षित होना जरूरी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. नारायणलाल गाडरी ने समाज की तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चितौड़ प्रांत के सह कुटुंब प्रमुख सुर्यप्रकाश शर्मा ने पुण्य श्लोक देवी अहिल्या बाई की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि गाडरी समाज का इतिहास देवी अहिल्या बाई के कारण उच्च कोटि का रहा है। जिलाध्यक्ष केसूलाल हाड़ा ने आभार व्यक्त किया। उदघाटन समारोह में समाज के भैरूलाल हाड़ा, रामरतन गुजेला, शंकरलाल मोयल, बंशीलाल हाड़ा, रूपलाल हाड़ा, पूर्व पार्षद राधेश्याम सोमानी, दलीचंद गाडरी, नंदलाल मोयल, भवानीशंकर रियार, शंकर रियार, गणेश हाड़ा सहित कई समाजजन मौजूद थे। आयोजन सचिव नारायण रियार ने बताया कि क्रिकेट में बिलिया खुर्द ने मांडल को व पांसल ने कोटड़ी को हराया। युवा जिलाध्यक्ष भैरू बाणिया ने बताया कि बारिश के कारण शुक्रवार के शेष रहे मैच शनिवार को होंगे। मैचों में क्रिकेट के साथ वॉलीबाल, रस्साकस्सी पुरूष व महिला तथा मटका रेस होगी। इसके लिए सभी टीमों को सुबह 7,30 बजे बुलाया गया है। गाडरी समाज की कलश यात्रा और खेल कूद का शुभारंभ करते अतिथि।


