भास्कर न्यूज | अमृतसर सर्दियों की पहली बारिश ने पावरकॉम की कई लाइनों में फॉल्ट डाल दिए, जिसके कारण कई इलाकों में बिजली 4 से 5 घंटे बंद रही। कई इलाकों में तारों पर चाइना डोर, पतंग फंसने से उन पर पानी पड़ने से डिस्क पंक्चर हो गई। जबकि केबल बाक्स फट गए और कनेक्टर टूट गए। जिसके कारण कई इलाकों की बिजली 3 से 4 घंटे तक बंद रही। बिजली बंद होने से शहर के करीब एक लाख लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के मुताबिक, 220 केवी वरपाल बिजली घर से 66 केवी सकत्तरी बाग को आने वाली 66 केवी लाइन का कनेक्टर सुबह 11 बजे टूट गया। जिसके कारण सकत्तरी बाग, 66 केवी हकीमां गेट और 66 केवी सुल्तानविंड बिजली घर बंद हो गए। इन बिजली घरों से चलने वाले सभी फीडरों के साथ-साथ इलाकों की बिजली बंद हो गई, जिसे पावरकॉम के एलओटी विभाग ने 5 घंटे बाद रिपेयर करके बिजली चालू की। वहीं नारायणगढ़ 220 केवी बिजली घर से 66 केवी लाइन टूट गई। जिसके कारण 66 केवी खंडवाला, इस्लामाबाद, हाल गेट की बिजली 4 घंटे के लिए बंद हो गई। हालांकि हाल गेट बिजली घर को रिंग मैन सिस्टम के तहत माल मंडी जीटी रोड से जोड़कर चालू कर दिया। परंतु इस्लामाबाद और खंडवाला की बिजली बंद होने से इलाकों में ब्लैक आउट रहा। इसी तरह 66 केवी रणजीत एवेन्यू, 66 केवी मेडिकल कॅालेज में भी फॉल्ट पड़े और 5 हजार लोगों की बिजली 2 घंटे के लिए बंद रही।


