भास्कर न्यूज | अमृतसर रोटरी क्लब ऑफ अमृतसर की तरफ से स्थानीय क्लब में दांतों की सुरक्षा विषय पर सेमिनार आयोजित किया गया। सेमिनार को संबोधित करते हुए मुख्यातिथि दांत रोग विशेषज्ञ डा. इरनप्रीत सिंह ने कहा कि कभी भी भोजन करने के तुरंत बाद ब्रश नहीं करना चाहिए, ब्रश भोजन के बाद कम से कम एक घंटे बाद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भोजन के तुरंत बाद ब्रश करने से दांत घिसने शुरू हो जाते हैं। दांतों पर सदैव सोफ्ट तरीके से ब्रश करना चाहिए। हार्ड तरीके से दांतों की सफाई करना हानिकारक साबित होता है। दांतों को सुरक्षित व चमकते रखने के लिए टूथब्रश के सिलेक्शन की भूमिका भी अहम होती है। नन्हें बच्चों को दूध पिलाने के लिए बोतल का इस्तेमाल करना भी हानिकारक है। बच्चे को दूध बोतल की बजाए परम्परागत तरीके से कटोरी व स्पून से ही पिलाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दांतों के रोगों से बचने के लिए 24 घंटे में कम से कम 2 बार ब्रश अवश्य करना चाहिए। इससे पहले क्लब के प्रधान पंडित महिंद्रपाल शर्मा ने डा. इरनप्रीत सिंह का स्वागत करते उन्हें स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। सेमिनार के बाद सावन पर्व के मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इनरव्हील क्लब की महिला सदस्यों रीटा शर्मा, गुरिंदरपाल कौर व अन्यों ने रिमझिम के गीत सावन गाए …आया सावन झूमके ….एक के बाद एक गीत पेशकर रोटेरियन्स को नाचने झूमने पर मजबूर कर दिया। रोटेरियन बीएम सिंह व अरोडा दंपत्ति ने भी डयूट गीत पेश किए। इस मौके पर रोटेरियन निर्मल सिंह आनंद, डा. तेजपाल सिंह, दीपक खन्ना, राजीव खन्ना भी मौजूद थे।