भर्ती के लिए परीक्षा में सख्ती:व्यापम के नए नियम, फ्रिस्किंग के बिना नहीं मिलेगी एंट्री, परीक्षा से 2 घंटे पहले पहुंचना जरूरी

छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) रायपुर ने विभिन्न विभागों में भर्ती परीक्षाओं के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इन नियमों का पालन सभी अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य है। कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की हैंडहेल्ड मेटल डिटेक्टर से जांच की जाए। साथ ही हाथों से भी तलाशी ली जाए। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक पुरुष और एक महिला पुलिस कर्मी फ्रिस्किंग का कार्य करेंगे। महिला अभ्यर्थियों की जांच केवल महिला पुलिस कर्मी द्वारा ही की जाएगी। पुलिस कर्मियों को परीक्षा शुरू होने से ढाई घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। परीक्षा शुरू होने के बाद वे बारी-बारी से परीक्षा केंद्र परिसर और बाहरी क्षेत्र का निरीक्षण करते रहेंगे। इससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सकेगी। परीक्षा केंद्र पर 2 घंटे पहले पहुंचे अभ्यर्थी डिप्टी कलेक्टर और परीक्षा की नोडल ऑफिसर ने बताया कि अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 2 घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना चाहिए। इससे उनकी फ्रिस्किंग और पहचान पत्र का सत्यापन समय पर हो सकेगा। परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। उदाहरण के लिए, अगर परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू होती है, तो मुख्य द्वार सुबह 9:45 बजे बंद कर दिया जाएगा। इसलिए अभ्यर्थियों को समय का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है। आधी बांह की शर्ट ही पहन सकेंगे परीक्षार्थी व्यापम द्वारा आयोजित परीक्षा को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिनका पालन सभी परीक्षार्थियों के लिए अनिवार्य होगा। परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनने होंगे और फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनने की अनुमति दी गई है। कान में किसी भी प्रकार के गहने पहनना पूरी तरह प्रतिबंधित है। परीक्षा प्रारंभ होने से आधे घंटे पहले और समाप्ति के आखिरी आधे घंटे में परीक्षा कक्ष से बाहर जाना सख्त मना है। परीक्षा केंद्र में मोबाइल, स्मार्टवॉच, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, बेल्ट, टोपी, स्कार्फ, पाउच जैसे किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक या निजी सामान ले जाना पूरी तरह वर्जित है। उत्तर लेखन के लिए केवल काले बॉल पेन का उपयोग किया जा सकेगा। अनुचित साधनों का उपयोग करने पर होगी कार्यवाही परीक्षा में शामिल होने के लिए मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड, वोटर ID, ड्राइविंग लाइसेंस या पैन कार्ड) साथ लाना अनिवार्य होगा। यदि इंटरनेट से डाउनलोड किए गए प्रवेश पत्र में फोटो नहीं है, तो परीक्षार्थी को दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो साथ लानी होगी। परीक्षा केंद्र में प्रवेश पत्र की सभी प्रतियों का एकतरफा प्रिंट लाना अनिवार्य है, क्योंकि एक प्रति परीक्षा केंद्र में जमा करनी होगी। निर्देशों का पालन नहीं करने पर परीक्षार्थी को परीक्षा से वंचित किया जा सकता है। यदि कोई परीक्षार्थी अनुचित साधनों का प्रयोग करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उसकी अभ्यर्थिता रद्द की जा सकती है। परीक्षा समाप्ति के बाद भी प्रवेश पत्र को सुरक्षित रखना जरूरी होगा, क्योंकि व्यापम द्वारा इसे दोबारा जारी नहीं किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *