चिरमिरी | ईसीएल चिरमिरी क्षेत्रीय मुख्यालय में वित्त विभाग के लेखापाल कंचन पाल के सेवानिवृत्ति पर एक समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन्हें एक जिम्मेदार कर्मचारी के साथ-साथ एक उत्कृष्ट खिलाड़ी, सांस्कृतिक कार्यकर्ता और समाजसेवी के रूप में भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय महाप्रबंधक अशोक कुमार ने कंचन पाल की मेहनत, समर्पण और बहुआयामी प्रतिभा की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कंचन पाल ने न केवल अपने विभाग में उत्कृष्टता दिखाई, बल्कि फुटबॉल और फैशन मॉडलिंग जैसे क्षेत्रों में भी नाम कमाया। एस.पी. कर ने उन्हें वित्त विभाग की मजबूत कड़ी बताया और उनके अनुशासन की सराहना की। क्षेत्रीय कार्मिक प्रबंधक श्रीकांत ने भी उनके खेल योगदान और युवाओं को प्रेरित करने की भावना को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि कंचन पाल राष्ट्रीय स्तर पर ‘मिस्टर हैंडसम’ अवार्ड जीत चुके हैं और सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजनों में सक्रिय रहे हैं। कंचन पाल ने अपने संबोधन में सहयोगियों का धन्यवाद किया और अपने पहले वेतन को माता को समर्पित करने की बात साझा की। इस अवसर पर कई वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय फुटबॉल खिलाड़ी, राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।