भाजपा संगठन में एक बार फिर चार की जगह तीन ही महामंत्री होंगे। यह निर्णय दिल्ली में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष के साथ हुई बैठक में लिया गया। महामंत्री की दौड़ में चार नाम का पैनल रखा गया। इसमें रायपुर संभाग से नवीन मार्केंडेय, सरगुजा से अखिलेश सोनी, दुर्ग से अभिषेक सिंह और बिलासपुर से रजनीश सिंह का नाम है। नवीन और अखिलेश का नाम फाइनल हो गया है, बाकी अभिषेक और रजनीश में से किसी एक को महामंत्री बनाया जाएगा। बैठक में भाजपा संगठन के 24 पदाधिकारियों के अलावा मोर्चा-प्रकोष्ठ के अध्यक्षों के नाम पर आखिरी मुहर लग गई। इसमें 6 प्रदेश उपाध्यक्ष, 6 प्रदेश मंत्री, 8 प्रदेश प्रवक्ता, एक कोषाध्यक्ष, 7 मोर्चा और 17 प्रकोष्ठ के अध्यक्षों के नाम शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक कोषाध्यक्ष नंदन जैन ही बने रहेंगे। बाकी 2 मंत्री को उपाध्यक्ष और 2 प्रवक्ता को मंत्री बनाने की तैयारी है। इसके अलावा बैठक में बचे हुए निगम-मंडल को लेकर भी चर्चा हुई। 10 अगस्त के पहले इन पदाधिकारियों की सूची जारी हो जाएगी। बता दें कि अभी 10 निगम-मंडल में अध्यक्षों की नियुक्ति होनी है। इसके अलावा करीब निगम-मंडल में उपाध्यक्ष और सदस्य मिलाकर 70 पद पर राजनैतिक नियुक्तियां की जानी है। पदाधिकारी के बाद मोर्चा-प्रकोष्ठ की आएगी सूची भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की सूची के साथ ही 7 मोर्चा और 17 प्रकोष्ठ के अध्यक्ष की सूची जारी हो सकती है। इसके बाद ये अध्यक्ष अपनी टीम तैयार करेंगे। प्रदेश कार्यसमिति के 100 से अधिक सदस्यों की लिस्ट भी इसी साल आ जाएगी। इस बार हर मोर्चा-प्रकोष्ठ में 30 प्रतिशत महिलाओं को रखे जाने की बात भी सामने आ रही है। राष्ट्रीय संगठन से यह तय किया गया है कि इस बार संगठन में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाया जाना है। भाजयुमो के पैनल में 6 नाम भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत का हटना तय बताया जा रहा है। इसके लिए 35 साल के कम उम्र के युवा नेताओं को ही मौका दिया जाएगा। इसके लिए 6 नाम का पैनल संतोष के सामने रखा गया। इसमें सीतापुर विधायक राम कुमार टोप्पो, राहुल टिकरिहा, भूपेंद्र नाग, जितेंद्र देवांगन, राजनांदगांव भाजयुमो जिलाध्यक्ष मोनू सिंह बहादुर और अंकित जायसवाल का नाम शामिल है। प्रदेश अध्यक्ष ने दिए संकेत प्रदेश अध्यक्ष किरणसिंह देव ने शुक्रवार को दिल्ली जाने से पहले बताया कि संगठन विस्तार पर चर्चा होगी। इसके लिए महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। साथ ही उन्होंने प्रदेश संगठन में बदलाव के संकेत भी दिए। बता दें कि संतोष की बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, संगठन महामंत्री पवन साय, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और किरणदेव शामिल हुए। मंत्रिमंडल विस्तार पर फिर सुगबुगाहट: बीएल संतोष की बंद कमरे में चली बैठक के बाद फिर मंत्रिमंडल विस्तार सुगबुगाहट शुरू हो गई है। चर्चा है कि दो नए मंत्रियों की नियुक्ति दो-चार दिन में की जा सकती है। हालांकि संसदीय सचिवों की नियुक्ति कर मंत्रियों के काम को हल्का करने पर भी चर्चा की बात सामने आ रही है। वहीं दिल्ली के सूत्रों का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद मंत्रिमंडल विस्तार संभावित है।