बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड के तुलबुल गांव के कारीटुंगरी इलाके में एक तेंदुए जैसे जानवर को खेतों में घूमते देखा गया है। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने एक बड़े जानवर को खेतों के आसपास घूमते देखा। यह जानवर तेंदुए जैसा प्रतीत हो रहा था। उस जानवर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कुछ लोग इसे बाघ भी बता रहे हैं। कुछ पंजों के निशान मिले हैं हालांकि, वन विभाग ने तेंदुए की मौजूदगी से इनकार किया है। प्रशिक्षु वन पदाधिकारी संदीप शिंदे ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया था। जांच के दौरान कुछ पंजों के निशान मिले हैं, जिनकी माप की गई है। इन निशानों के आधार पर यह संभावना जताई जा रही है कि वह जानवर तेंदुआ नहीं बल्कि लकड़बग्घा, सियार या फिर कोई बड़ा कुत्ता हो सकता है। शिंदे ने कहा कि अभी स्पष्ट रूप से यह नहीं कहा जा सकता कि वह कौन सा जानवर था। ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह वन विभाग की टीम लगातार इलाके में निगरानी कर रही है। ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि वे फिर से उस जानवर को देखें या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो तत्काल नजदीकी वन कार्यालय या अधिकारियों को सूचना दें।


