श्री सर्वेश्वरी समूह का पौधा रोपण और वितरण कार्यक्रम

गुमला | पर्यावरण संरक्षण के लिए संकल्पित श्री सर्वेश्वरी समूह की गुमला शाखा के महिला संगठन के द्वारा लोक कल्याणकारी कार्यों की श्रृंखला में गुमला प्रखंड अंतर्गत धोधरा गांव में वृक्षारोपण एवं ग्रामीणों के बीच पौधा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मालदा आम, नीम, अर्जुन, कटहल, सागवान, शीशम तथा महोगनी सहित कुल दो सौ फलदार और औषधीय पौधे लगाये एवं वितरित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ अघोरेश्वर महाप्रभु और परम पूज्य गुरुदेव की पूजा अर्चना के साथ किया गया। वृक्षारोपण कार्य के उपरांत ग्रामीणों के साथ एक लघु गोष्ठी का आयोजन भी किया गया।जिसमें संगठन की नीता हरीतिमा के द्वारा ग्रामवासियों को सर्वेश्वरी समूह के जनकल्याणकारी कार्यों और उद्देश्यों को विस्तार से बतलाया गया।समूह की बिमला महापात्र ने वृक्षारोपण कार्यक्रम पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अधिकाधिक वृक्षों का लगाया जाना पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन और सामाजिक आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण है। वृक्ष जहां मिट्टी के कटाव को रोकते हैं वहीं ये वन्य जीवों के लिए आशियाने का काम भी करते हैं। नम्रता सिन्हा ने अपने उद्बोधन में स्वच्छता अभियान पर बल देते हुए ग्रामीणों को जागरूक किया और कहा कि अपने घर, आंगन सहित गांव को साफ सुथरा रख कर ही स्वस्थ जीवन की कल्पना की जा सकती है। वहीं लक्ष्मी कुमारी दास ने नागपुरी गीत का गायन कर गीत के माध्यम से नशाखोरी से दूर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के आखिर में ग्रामीणों को गायत्री महापात्र के द्वारा अघोरेश्वर महाप्रभु का संदेश वितरित किया गया। मौके पर माया मिश्रा, सुषमा महापात्र, लिपिका नंदा, मांडवी रानी, रेखा दास, अनीता गुप्ता, अनु कुमारी, अनिशा गुप्ता, कांता गुप्ता मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *