8 अगस्त तक बारिश का यलो अलर्ट:40 km/h की रफ्तार से चल सकती है हवाएं, उत्तरी-मध्य हिस्सों में 3 डिग्री तक गिरेगा पारा

राज्य में एक बार फिर से मौसम करवट ले सकता है। मौसम केंद्र रांची की रिपोर्ट के अनुसार 8 अगस्त तक झारखंड के विभिन्न हिस्सों में मध्यम दर्जे की बारिश, गर्जन और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। हालांकि तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। राज्य के उत्तरी और मध्य हिस्सों में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक तापमान में गिरावट हो सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 3 अगस्त यानी आज राज्य के अधिकांश स्थानों पर गरज और तेज हवाओं के साथ मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिमी तथा मध्य भागों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। तेज हवाओं के साथ वज्रपात की भी संभावना बनी हुई है। हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश का रहेगा दौर 4 अगस्त को राज्य में कहीं-कहीं गरज और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। हवा की गति 30-40 किमी प्रतिघंटा रहने की संभावना है। इन दो दिनों में भी राज्य के कई हिस्सों में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है। इसी तरह 7 व 8 अगस्त को राज्य के अधिकांश स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग की मानें तो फिलहाल दो दिन विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है क्योंकि वज्रपात और तेज हवाओं की आशंका बनी हुई है। किसानों और आम लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौसम की जानकारी लेते रहें और सावधानी बरतें। बीते 24 घंटे में गोड्‌डा में सर्वाधिक 170.2 मिमी बारिश पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम केंद्र रांची के अनुसार, बीते दिन गोड़ा में सबसे अधिक 170.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से भारी वर्षा दर्ज की गई। बारिश का यह सिलसिला पश्चिमी और मध्य भागों में अधिक सक्रिय रहा। गढ़वा, साहिबगंज, दुमका, रांची, हजारीबाग, गिरिडीह, देवघर, बोकारो, धनबाद समेत कई जिलों में बादल छाए रहे और रुक-रुक कर बारिश होती रही। मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ दिनों में भी यही स्थिति बनी रह सकती है। अधिकतम तापमान में सामान्य से 2 से 4 डिग्री तक की वृद्धि देखी गई है, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से थोड़ा ऊपर रहा। सबसे अधिक तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस जमशेदपुर में और सबसे कम तापमान 21.6 डिग्री लातेहार में दर्ज किया गया। आज 28 से 33 डिग्री के बीच रहेगा तापमान आज अधिकतम तापमान 28 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग रांची की रिपोर्ट के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में अधिकतम तापमान 33 डिग्री रह सकता है। जबकि रांची, हजारीबाग, लोहरदगा, खूंटी जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास रहेगा। वहीं, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, धनबाद, बोकारो और रामगढ़ में तापमान 32 डिग्री तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान की बात करें तो गुमला और रामगढ़ में सबसे कम 22 डिग्री, जबकि देवघर, दुमका, साहिबगंज, पाकुड़ और गोड्डा में 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण मौसम सुहावना बना रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *