पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के बकोरिया गांव में एक पत्नी ने अपने पति पर जानलेवा हमला किया। 28 वर्षीय पूजा देवी ने अपने पति संतोष राम को पहले लाठी से पीटा और जब वह बेहोश हो गया तो उसे अपने दुपट्टे से फांसी के फंदे पर लटका दिया। घटना तीन दिन पहले हुई जब संतोष रात 10:30 बजे घर लौटे। कमरे में प्रवेश करते ही पूजा ने अचानक लाठी से हमला कर दिया। पिटाई से संतोष बेहोश हो गए। परिजनों को जानकारी मिलने पर उन्होंने संतोष को फंदे से उतारा और नवजीवन अस्पताल तुंबागड़ा में भर्ती कराया। होश आने पर पति ने बताई पूरी बात होश में आने के बाद संतोष ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। वह अभी भी अस्पताल में जीवन और मौत से जूझ रहे हैं। संतोष के बयान के आधार पर पुलिस ने पूजा को गिरफ्तार कर लिया और रविवार को जेल भेज दिया। थाना प्रभारी विश्वनाथ कुमार राणा ने मामले की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार करके मेडिकल जांच के बाद जेल भेज दिया गया है। साल 2013 में हुई थी शादी पूजा और संतोष की शादी 2013 में हुई थी। दंपती के एक 11 वर्षीय बेटी और 9 वर्षीय बेटा है। दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इस मामले में कई बार पंचायत भी बुलाई गई थी। पूजा दो बार ससुराल से भाग भी चुकी थी। सूत्रों के अनुसार, यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। पूजा का मायका रांची में है।