किस्को| लोहरदगा सदर थाना क्षेत्र के हेसल मंगन टोली गांव में सोमवार की सुबह महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान हुलासी लकड़ा, पत्नी अबरन लकड़ा के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार, हुलासी सोमवार की अहले सुबह करीब 3 बजे नींद से उठी थी और घर के सामान्य कार्यों में लगी हुई थी। इसी दौरान उसने अचानक चक्कर आने की बात कही। परिजन तुरंत उसे लोहरदगा सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला के पैर के अंगूठे में कटने का निशान और मुंह से झाग निकलने के कारण परिजन और स्थानीय ग्रामीण सांप के काटने की आशंका जता रहे हैं। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही संभव हो सकेगी। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। लोहरदगा सदर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है । भास्कर न्यूज | गुमला घाघरा थाना क्षेत्र के कुंदा गांव निवासी 32 वर्षीय किशन भुइयां की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। परिजन सोमवार की सुबह उसे सदर अस्पताल लेकर आए, जहां डॉक्टर ने जांचोपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। सोमवार की दोपहर 12 बजे शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा। प्राप्त जानकारी के मुताबिक युवक विवाहित है उसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। सोमवार की सुबह करीब 5 बजे वह सो कर उठा था। जिसके कुछ देर बाद वह दोबारा जाकर सो गया। करीब 6 बजे पिता किसी काम को लेकर घर में औजार ढूंढने लगे, वहीं बहू से कहा बेटे से पूछो कहां रखा है, पत्नी उसे उठाने गई लेकिन वह नहीं उठा। इसके बाद पत्नी दहाड़ मार कर रोने लगी। घर के सभी लोग पहुंचे और उसे काफी उठाने का प्रयास किया इसके बाद उसे सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसकी मौत की पुष्टि की। हालांकि उसकी मौत कैसे हुई, इस बारे में स्पष्ट कोई कुछ नहीं बता रहा है। संभावना जताई जा रही की सर्प दंश या हार्ट अटैक से उसकी मौत हुई होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा। मृतक बीमरला माइंस कंपनी में माइनर के पद पर कार्यरत था। इधर घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। लोग मौत को संदिग्ध बता रहे हैं।


