सावन के अंतिम सोमवार को रामचंद्रपुर क्षेत्र शिवभक्ति में डूबा नजर आया। शिव मंदिर समिति रामचंद्रपुर की ओर से धूमधाम के साथ जलयात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साह और आस्था के साथ भाग लिया। यात्रा रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर कालिकापुर स्थित कुर्सा संगम तक पहुंची, जहां से भक्तों ने पवित्र जल भरकर करीब 6 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए चरगड़ बूढ़ा शिव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया। बोल बम के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया। पूजा-अर्चना वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पंडित प्रभाकर तिवारी द्वारा संपन्न कराई गई। यात्रा के दौरान समिति के सदस्य श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे रहे। श्रद्धालुओं ने बस्ती का भ्रमण करते हुए पूरी यात्रा पैदल तय की। यात्रा की सुरक्षा को लेकर रामचंद्रपुर पुलिस बल की तैनाती भी की गई थी।


