सीनियर टीचर (संस्कृत शिक्षा विभाग) भर्ती परीक्षा आज से शुरू हो गई है। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने प्रदेश में शीतलहर और सर्दी को देखते हुए अभ्यर्थियों को स्वेटर व शूज पहनने की इजाजत दी है। परीक्षा सेन्टर पर एक घंटे पहले तक चेकिंग के बाद प्रवेश दिया गया। अजमेर के 75 सहित प्रदेशभर में करीब 1400 परीक्षा केंद्रों पर 31 दिसंबर तक एग्जाम होंगे। छह सब्जेक्ट के कुल 347 पदों के लिए परीक्षा में 4 लाख 70 हजार अभ्यर्थी पंजीकृत है। एग्जाम आज दो पारियों में है। पहली पारी में सुबह साढे़ नौ बजे से शुरू हुआ। दूसरी पारी में ढाई बजे एग्जाम शुरू होगा। अभ्यर्थियों को पहचान के लिए परीक्षा केंद्र पर मूल आधार कार्ड (रंगीन प्रिंट) लेकर आना पड़ा। यदि मूल आधार कार्ड पर फोटो पुरानी अथवा अस्पष्ट है तो अन्य मूल फोटो युक्त पहचान-पत्र जैसे- वोटर आईडी कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस (जिसमें रंगीन और नई फोटो हो) लेकर पहुंचे। यह है टाइम टेबल बहकावें में नहीं आए, करें सूचना आयोग द्वारा आयोजित परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थी किसी दलाल, मीडिएटर, समाजकंटक या अपराधी के बहकावे में न आएं। यदि कोई परीक्षा में पास कराने के नाम पर रिश्वत की मांग या अन्य कोई प्रलोभन व झांसा देता है तो प्रमाण सहित इस संबंध में जांच एजेंसी एवं आयोग कंट्रोल रूम नंबर 0145-2635200, 2635212 एवं 2635255 पर सूचित करें। परीक्षा में अनुचित साधन अपनाये जाने एवं अनुचित कृत्यों में संलिप्त होने पर राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम के अध्युपाय) अधिनियम, 2022 के तहत आजीवन कारावास, 10 करोड़ रुपए तक के जुर्माने से दण्डित एवं चल अचल संपत्ति कुर्क कर जब्त की जा सकती है।


