शिवपुर धाम में जलाभिषेक करने उमड़े श्रद्धालु

भास्कर न्यूज | प्रतापपुर सावन के अंतिम सोमवार को प्रतापपुर से 4 किमी दूर शिवपुर धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। अर्धनारीश्वर बाबा जलेश्वरनाथ को जलाभिषेक करने के लिए हजारों भक्त सुबह चार बजे से ही कतार में लग गए। गंगाजल, दूध और पुष्प अर्पित कर लोगों ने परिवार की खुशहाली, रोग निवारण और सुख-शांति की कामना की। प्रतापपुर के पक्की तालाब के सामने स्थित प्राचीन शिव मंदिर और मिशन रोड पर पारदेश्वर शिव मुरली मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हर जगह भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर भजनों, घंटियों और शंखध्वनि से गूंज उठा। महिलाओं ने पारंपरिक गीतों के साथ पूजा की। युवाओं ने जल अर्पित किया। बुजुर्ग ध्यान में लीन दिखे। शिवपुर धाम की महिमा अद्वितीय मानी जाती है। यहां अर्धनारीश्वर शिवलिंग की पूजा होती है। शिव और शक्ति एक ही रूप में पूजित होते हैं। यह स्थान समरसता और संपूर्णता का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से जल चढ़ाने से हर मनोकामना पूरी होती है। सावन सोमवारी पर यहां मेला जैसा माहौल बन जाता है। इस बार सावन की अंतिम सोमवारी पर प्रतापपुर विकासखंड की 101 ग्राम पंचायतों सहित बिहार, उत्तरप्रदेश और झारखंड से भी भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कांवरियों का हुजूम डीजे की धुन पर नाचते हुए बाबा के दरबार पहुंचा। बाबा जलेश्वरनाथ को जल चढ़ाकर पूजा की। पूरा शिवपुर धाम भगवा रंग में रंग गया। नगर में लाखों की संख्या में भक्तों के आने से जगह-जगह जाम की स्थिति बन गई। लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शिवपुर में मेला जैसा आयोजन हुआ। हर-हर महादेव की गूंज से पूरा नगर भक्तिमय हो गया। शिवपुर रोड पर स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के बाहर भीड़ उमड़ पड़ी। लोग लंबी कतार में खड़े दिखे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *