रोमांचक एडवेंचर ट्रिप पर देशदेखा पहुंचे बिलासपुर के छात्र

भास्कर न्यूज | जशपुरनगर जशपुर जिले में बढ़ते पर्यटन की सुविधा और असीम संभावनाओं को सार्थक रूप मिल रहा है। यहां जिला पर्यटन के क्षेत्र में पूरे राज्य में अपनी पहचान बना चुका है। वहीं, कॅरियर प्वाइंट वर्ल्ड स्कूल बिलासपुर के आउटडोर क्लब के छात्रों ने 23 से 27 दिसंबर तक जशपुर देशदेखा क्लाइम्बिंग सेक्टर का दौरा किया। इस ट्रिप के दौरान छात्रों ने रॉक क्लाइम्बिंग, कैंपिंग, हाइकिंग और एग्रो टूरिज्म जैसी गतिविधियों में भाग लिया। यह लगातार दूसरा वर्ष है जब यह स्कूल के छात्र जशपुर में अपनी आउटडोर क्लब वर्कशॉप के लिए आए हैं। स्कूल प्रशासन का कहना है कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य छात्रों को प्रकृति और एडवेंचर के करीब लाना है। इससे वे नेतृत्व, टीम वर्क और आत्मनिर्भरता जैसे कौशल विकसित कर सकें व साथ ही ऐसी गतिविधियां छात्रों को पाठ्यक्रम से बाहर व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करती हैं। उन्हें भविष्य के लिए नई दृष्टि देती हैं और नए आयाम भी खोलती हैं। कॅरियर प्वाइंट वर्ल्ड स्कूल का आउटडोर क्लब छत्तीसगढ़ क्लाइंबिंग इनिशिएटिव द्वारा विकसित देशदेखा क्लाइंबिंग सेक्टर की अवधारणा से प्रेरित है। इसे घुमंतू टूर्स और जशप्योर जैसे स्थानीय सहयोगियों का समर्थन प्राप्त है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को एडवेंचर गतिविधियों और प्रकृति के प्रति आकर्षित करना है। ताकि वे इसे कॅरियर विकल्प के रूप में देख सकें। पर्यटन से लोगों को हो रही आमदनी छात्रों ने स्थानीय उद्यमियों और खाद्य उत्पादकों से भी मुलाकात की और भोजन निर्माण प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की। यह ट्रिप न केवल छात्रों के लिए एक शैक्षिक और रोमांचक अनुभव थी, बल्कि जशपुर क्षेत्र को एडवेंचर पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और कदम साबित हुई। साथ ही देशदेखा के स्थानीय समुदाय को परमिट व अन्य सहायता के रूप में आर्थिक बढ़ावा भी मिला। समिति के अध्यक्ष विपिन का कहना है, शुरुआत में उन्हें समझ नहीं आया कि ऐसे एडवेंचर खेलों से गांव को क्या सहायता मिल सकती है, परन्तु देशदेखा क्लाइम्बिंग सेक्टर बनने के बाद से समिति परमिट के रूप में पैसे आने शुरू हो गए हैं और स्थानीय महिलाएं दोना पत्तल बेच कर आजीविका अर्जित कर रही हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *