NH43 की खस्ताहाल सड़क, मुखौटा लगा प्रदर्शन:भड़के कांग्रेस नेता ने EE से कहा- काम कराओ नहीं तो इतने जूते खाओगे, बच्चे गंजे पैदा होंगे

कटनी-गुमला नेशनल हाईवे 43 में अंबिकापुर के रायगढ़ रोड़ प्रवेश मार्ग की दुर्दशा को लेकर कांग्रेस एवं युवक कांग्रेस नेताओं ने मंगलवार को चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने नेशनल हाईवे के अधिकारियों पर जमकर भड़ास निकाली। कांग्रेस के सीनियर नेता अजय अग्रवाल ने नेशनल हाईवे के ईई से कहा कि काम कराओ, नहीं तो इतना जूता खाओगे कि बच्चे गंजे पैदा होंगे। एनएच के EE ने कहा कि रविवार तक मरम्मत करा दिया जाएगा। अंबिकापुर-रायगढ़ मार्ग में भारत माता चौक से लेकर लुचकी घाट के नीचे तक की सड़क पूरी तरह से टूट गई है। बारिश में सड़क में गड्ढे ही गढ्ढे हो गए हैं और चलना भी मुश्किल हो गया है। बारिश में स्थिति और गंभीर हो जाती है। मार्ग की खस्ताहालत के कारण आए दिन रोड में जाम लग रहा है। सड़क की खराब स्थिति के विरोध में युवक कांग्रेस ने मंगलवार को चक्काजाम किया। मुखौटा लगा प्रदर्शन
आंदोलन में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, वरिष्ठ नेता अजय अग्रवाल सहित अन्य कांग्रेस नेता एवं युवक कांग्रेस के नेता शामिल हुए। कांग्रेस व युकां नेताओं ने नरेंद्र मोदी, सीएम विष्णुदेव साय, महापौर मंजूषा भगत व विधायकों का मुखौटा लगाकर नारेबाजी की। 12 बजे से चक्काजाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। भड़के कांग्रेस नेता बोले- जूते मारेंगे
मौके पर पहुंचे कार्यपालन अभियंता रामा धार तामरे ने कहा कि कुछ दिनों पूर्व गड्ढों को भरवाया गया था। बारिश में फिर गड्ढे हो गए हैं। गड्ढों को भरवा देंगे। इससे भड़के कांग्रेस नेता अजय अग्रवाल ने कहा कि इसे (ईई को) पकड़कर रखो, जब तक काम चालू न हो जाए। उन्होंने ईई से कहा कि काम कराओ नहीं तो इतने जूते मारेंगे कि बच्चे गंजे पैदा होंगे। ईई बोले-बजट नहीं था, अतिक्रमण से सड़क में भर रहा पानी
एनएच के ईई रामाधार तामरे ने कहा कि बारिश के पूर्व बजट की कमी के कारण मरम्मत ठीक से नहीं हो सका। तेज बारिश के कारण मरम्मत के बाद भी सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। एक बार गड्ढों को भरा गया था। दुबारा रविवार तक सड़क के गढ्ढे भर दिए जाएंगे। ईई ने कहा कि सड़क के दोनों तरफ अतिक्रमण करने के कारण भी सड़क में पानी भर जा रहा है। निकासी नहीं होने से करोड़ों रुपये से बने सड़क खराब हो रहे हैं। पौन घंटे चक्काजाम, वाहनों की लगी लाइन
कांग्रेस का चक्काजाम करीब पौन घंटे तक चला। इस दौरान वाहनों की लंबी लाइन लग गई। यह अंबिकापुर के सबसे व्यस्ततम मार्गों में से एक है। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी सुरक्षा के लिए तैनात रहे। दो साल में हुई सड़क की दुर्दशा
दरअसल, यह सड़क दो साल पहले कांग्रेस शासनकाल में बनी थी। काम की गुणवत्ता पर भी सवाल उठे। सड़क मंे पानी भर जाने के कारण अब सड़क पूरी तरह से टूट गई है। मुख्यमंत्री ने अंबिकापुर के सभी पहुंच मार्गों के नवनिर्माण के लिए राशि दी है, उसमें यह सड़क भी शामिल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *