कैथल में जमीन बेचने के नाम पर 80 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस इस मामले में आरोपी राजवंत सिंह निवासी पटियाला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। गांव डयोढखेड़ी निवासी शीशपाल व जोगिंद्र की शिकायत के अनुसार, वे दोनों भूमि खरीदना चाहते थे। डीलर का काम करने वाले कर्मजीत निवासी पटियाला के खेड़ी निगरा और समाना निवासी जोगिंद्र सिंह व अंग्रेज सिंह उनसे मिले व कई गांव में जमीन दिखाई। उन्होंने उन्हें गांव शादीपुर तहसील गुहला में 50 कनाल 15 मरले भूमि दिखाई। भूमि उन्हें पसंद आ गई। डीलरों द्वारा उन्हें जमीन के मालिक कहकर गांव पलौंदिया जिला पटियाला पंजाब निवासी अमरजीत सिंह व कमलजीत सिंह से मिलवाया और कहा कि यह जमीन इनकी है। 37 लाख 75 हजार रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से उनका सौदा तय हो गया। रजिस्ट्री करवाने नहीं पहुंचे थे आरोपी शिकायतकर्ता ने कहा कि 12 मार्च को 60 लाख रुपए बयाना देकर इकरारनामा करवा दिया गया। 21 अप्रैल को उन्होंने 20 लाख रुपए और दे दिए। रजिस्ट्री की तारीख 22 मई तय हुई। 22 मई को वह रजिस्ट्री करवाने के लिए तहसील गुहला गए, लेकिन आरोपी वहां नहीं पहुंचे। नहीं मिले बताए गए नाम के व्यक्ति उन्होंने गांव शादीपुर पहुंचकर पता किया तो उन्हें पता चला कि आरोपियों ने षड्यंत्र रचकर यह धोखाधड़ी की है। उनसे अमरजीत, कमलजीत कहकर मिलवाए गए व्यक्ति भी असल में इस नाम के व्यक्ति नहीं है। मामले में आरोपी नाभा जिला पटियाला पंजाब निवासी राजवंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। उक्त मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका हैं। आरोपी राजवंत ने ठगी के पैसे लेने के लिए अपने बैंक खातों का इस्तेमाल किया था। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।


