बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन भी खाली नजर आए बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों में भी चहल-पहल नहीं दिखी। केंद्र सरकार के उपक्रम मेकॉन, सेल, एचईसी आदि मंगलवार को खुले रहे, लेकिन सभी कार्यालयों में गम का माहौल दिखा। लोग गुरुजी को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे थे। बैंक भी खुले थे, लेकिन लोग जरूरी काम से ही बैंक पहुंचे। रांची | झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर पूरे राज्य में शोक की लहर है। गुरुजी के प्रति सम्मान और श्रद्धा प्रकट करते हुए मंगलवार को शहर के बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। दोपहर तक लगभग सभी बाजारों में आधे से ज्यादा दुकानें बंद रहीं। मुख्य मंडी पंडरा दोपहर एक बजे तक पूरी तरह से बंद रहा। डेली मार्केट की ज्यादातर दुकानें दोपहर एक बजे तक पूरी तरह से बंद रहीं। कुछ छिटपुट दुकानें ही खुली थीं। वहीं, अपर बाजार में 50 प्रतिशत से कम दुकानें खुलीं। मेन रोड, रातू रोड, लालपुर, कोकर, हरमू रोड आदि क्षेत्रों में भी अधिकतर दुकानें बंद रहीं। मेन रोड स्थित शास्त्री मार्केट भी दोपहर एक बजे तक पूरी तरह से बंद रहा। सड़कों पर सन्नाटा पसरा था। ग्राहक भी बाजार से नदारद दिखे। पंडरा के मुख्य व्यापारी संजय माहूरी ने कहा कि आज सभी व्यापारियों ने दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि दी। वहीं, डेली मार्केट के मुख्य व्यापारी मो. सरफराज ने कहा कि डेली मार्केट के व्यापारी गुरुजी के निधन से मर्माहत हैं। सभी ने उनको श्रद्धांजलि दी।


