आबकारी विभाग ने पकड़ी 17 लाख की अवैध शराब:ट्रक ड्राइवर को किया गिरफ्तार, पंजाब के बठिंडा से ले जा रहा था बीकानेर

हनुमानगढ़ जिले में आबकारी विभाग ने नाकाबंदी के दौरान अवैध शराब से भरा ट्रक पकड़ा है। इस दौरान मौके से ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। आबकारी टीम ने प्रहराधिकारी अमर सिंह के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दिया। प्रारंभिक सूचना के अनुसार पंजाब की शराब को अवैध रूप से बीकानेर के पास किसी स्थान पर ले जाया जा रहा था। आबकारी विभाग ने ट्रक को जब्त कर लिया है। हनुमानगढ़ जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी ने बताया कि जिला कलेक्टर हनुमानगढ़ और अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन बीकानेर के निर्देश पर अवैध शराब तस्करी पर कार्रवाई की गई है। पटावरी ने बताया कि अमर सिंह प्रहाराधिकारी नोहर ने टीम सदस्यों के साथ कार्रवाई करते हुए सूचना के आधार पर एक ट्रक को रुकवाकर तलाशी ली तो ट्रक के अंदर से 200 शराब के कार्टन मिले। जांच करने पर अवैध शराब के रूप में 200 पेटी बरामद हुए। आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी ने बताया कि इस कार्रवाई को हनुमानगढ़ रावतसर मेघा हाईवे पर अंजाम दिया गया। ट्रक में 200 शराब की पेटियों में कुल 2400 बोतल शराब बरामद की गई हैं। अवैध शराब को ट्रक में पंजाब के बठिंडा से भरा गया था, जो राजस्थान के बीकानेर के पास सप्लाई होनी थी। शराब की बाजार में अनुमानित कीमत 17 लाख रुपए बताई जा रही है। आबकारी पुलिस ने मौके से तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को जब्त कर लिया और ड्राइवर अब्दुल मजीद पुत्र अब्दुल गनी निवासी झांबा तहसील फलोदी को गिरफ्तार कर लिया। आबकारी विभाग ने राजस्थान आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *