विश्व आदिवासी दिवस दिशोम गुरु को होगा समर्पित : समिति

भास्कर न्यूज| चाईबासा विश्व आदिवासी दिवस इस वर्ष दिशोम गुरु शिबू सोरेन को समर्पित होगा। उक्त जानकारी आयोजन समिति के पदाधिकारी ने प्रेस वार्ता आयोजित कर दी है। आयोजन समिति के समद ने बताया कि झारखंड के निर्माता बाबा दिशोम गुरु हम सभी के बीच से नहीं रहे। इसलिए इस वर्ष का कार्यक्रम दिशोम गुरु के नाम पर समर्पित होगा। कार्यक्रम स्थल पर बिरसा मुंडा, पोटो हो, दिशोम गुरु और अन्य आंदोलनकारियों को भी श्रद्धांजलि दी जाएगी। कार्यक्रम में कई प्रस्तुति को रद्द कर दिया गया है। कार्यक्रम स्थल पर सभी आदिवासी समाज के पहान या दिउरी के द्वारा सुख, समृद्धि एवं शांति के लिए सामूहिक पूजा की जाएगी। कार्यक्रम में ओडिशा, बंगाल, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम तथा चाईबासा जिले के मनोहरपुर, किरीबुरू, गुआ सहित कई जगहों से आदिवासी समुदाय के हो, उरांव, संथाल, मुंडा, लोहरा, भूमिज, बिरहोर, मानकी-मुंडा सहित 40 से अधिक आदिवासी सामाजिक संगठनों के लोग एक मंच पर परंपरागत परिधानों में शामिल होंगे। कार्यक्रम में स्व. दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए एक अलग से स्थल चिह्नित किया गया है। कार्यक्रम को सादगी का साथ मनाते हुए सभी आंदोलनकारियों की याद में आदिवासियत को बचाने और संरक्षण के लिए जनजातीय कलाकारों का समागम होगा। जहां वे आदिवासी परंपरा और संस्कृति की झलकियां विखेरेंगे। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण होगा : पूरे कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। कई विषय वस्तुओं जैसे आदिवासी युवाओं का आधुनिक युग में भविष्य और चुनौतियां, आदिवासी भाषा-लिपि का संरक्षण एवं विकास, स्थानीय नीति एवं नियोजन निति, आदिवासी अस्तित्व, अस्मिता और पहचान, पारंपकि व्यवस्था, आदिवासी भाषा, धर्म एवं धर्मातरण से बचाव सहित कई पर वक्ताओं के द्वारा विचार रखा जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर आदिवासी पारंपरिक व्यंजन एवं परिधानों का 100 स्टॉल लगाए जाएंगे। ये होंगे सम्मानित : झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफल हुए अभियर्थियों, समाज में विभिन्न क्षेत्र खेल, शिक्षा, कृषि, पर्यावरण, कला, सामाजिक, स्वास्थ्य, पशुपालन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर सभी आगंतुको के लिए सुबह 11 बजे से अंतिक व्यक्ति तक भोजन की व्यवस्था रहेगी। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री सह सरायकेला के विधायक चंपाई सोरेन, मंत्री दीपक बिरुवा, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोडा, सांसद जोबा मांझी, पूर्व सांसद गीता कोडा, विधायक दशरथ गागराई, विधायक सुखराम उरांव, विधायक सोनाराम सिंकू, विधायक जगत माझी, जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरीन समेत पदाधिकारी व सभी समाज के सम्मानित लोगों को आमंत्रित किया गया है। प्रेस वार्ता में हो, मुंडा, संथाल, उरांव व दोहरा समाज के प्रतिनिधि मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *