बालोद कोर्ट से हत्या का आरोपी हथकड़ी निकालकर फरार:एक घंटे बाद 2 किमी दूर पकड़ाया, पुलिसकर्मी पेशी के लिए लेकर पहुंचे थे कोर्ट

छत्तीसगढ़ के बालोद जिला सत्र न्यायालय में पेशी के लिए लाए गए हत्या के मामले में विचाराधीन कैदी हाथ से हथकड़ी निकालकर फरार हो गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे कोर्ट से दो किलोमीटर दूर पकड़ लिया गया। इसके बाद बालोद पुलिस आरोपी को थाने लेकर पहुंची। पूरा मामला बुधवार शाम करीब 5.30 बजे का है। हत्या के आरोप में बालोद जेल में बंद विचाराधीन कैदी प्रवीण कुमार को पुलिस न्यायालय में पेशी के लिए लेकर पहुंची थी। न्यायिक प्रक्रिया के दौरान मौका मिलते ही आरोपी प्रवीण कोर्ट के पीछे से भाग निकला। कन्या कॉलेज के पास रेत में छिपते पकड़ा गया आरोपी आरोपी के फरार होते ही न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया। पहले मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने कोर्ट परिसर में ही उसे खोजने की कोशिश की। लेकिन जब वह नहीं मिला तो तत्काल बालोद थाने को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस की पेट्रोलिंग टीम संदिग्ध की तलाश में निकल पड़ी और रास्ते में लोगों से पूछताछ करते हुए कुंदरूपारा और पाररास के बीच स्थित कन्या कॉलेज के पास पहुंची। वहीं आरोपी रेत के पास छिपता हुआ नजर आया। जिसे दबोच लिया गया। ठेकेदार हत्याकांड का आरोपी है प्रवीण आरोपी प्रवीण कुमार कंकालिन हत्याकांड में मुख्य अभियुक्त है। बालोद पुलिस के मुताबिक 18 जून को ग्राम कंकालिन स्थित मंदिर के पीछे गेट के पास मध्यप्रदेश के ठेकेदार सरदार सिंह की हत्या कर दी गई थी। प्रवीण कुमार ठेकेदार का खानसामा था। खाना बनाने का काम करता था। सरदार सिंह उसे बार-बार खाना स्वादिष्ट न होने और ठीक से न बनाने की बात कहकर ताने देता था और नौकरी से निकालने की धमकी भी देता था। इन्हीं बातों से नाराज होकर प्रवीण ने उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसी मामले में पेशी के लिए लाया गया था। जहां से वह फरार हो गया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *