बलरामपुर-रामानुजगंज NH-343 की मरम्मत की मांग:NSUI ने लगाया अनियमितता का आरोप; कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, जांच की मांग

बलरामपुर-रामानुजगंज के बीच नेशनल हाईवे 343 की मरम्मत में कथित अनियमितता के विरोध में NSUI ने मोर्चा खोल दिया है। एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव प्रतीक सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में बताया गया है कि बलरामपुर से रामानुजगंज के बीच हाईवे की स्थिति बहुत जर्जर है। बड़े-बड़े गड्ढों और लगातार हो रही घटनाओं के कारण आम नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की मरम्मत के लिए लगभग 3 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई थी। हालांकि, एनएसयूआई का आरोप है कि मरम्मत के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। उनका कहना है कि ठेकेदार द्वारा गड्ढों में सिर्फ मिट्टी और गिट्टी डालकर काम चलाया जा रहा है, जिससे धूल का गुब्बार उठता है और राहगीर परेशान हैं। तुंरत कार्रवाई की मांग प्रतीक सिंह ने सड़क की स्थिति दिखाते हुए एक वीडियो भी जारी किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि स्वीकृत राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है और भ्रष्टाचार हो रहा है। एनएसयूआई ने प्रशासन से दो दिन के अंदर मामले की जांच करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जांच नहीं होती है तो वे पूरे जिले में आंदोलन करेंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग पर आए दिन हो रही घटनाओं और लोगों की परेशानियों को देखते हुए इस मामले में तुरंत कार्रवाई की मांग की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *