मानसा पुलिस ने गुरुवार को मोबाइल टावर लगाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने जिले के एक किसान से 70 लाख रुपए की ठगी के मामले में हरियाणा के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।मानसा की एसपी भागीरथ सिंह मीणा ने बताया कि एनसीआर पोर्टल पर जसपाल सिंह, गांव खोखर कलां, मानसा द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनके साथ मोबाइल टावर लगाने के नाम पर 70 लाख 82 हजार 373 रुपए की ठगी हुई है। इस शिकायत पर मानसा की साइबर क्राइम टीम ने कार्रवाई करते हुए साहिल कुमार उर्फ गोरा (हांसी, हरियाणा), सोनू (गुड़गांव, हरियाणा) और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। 8 लाख रुपए बरामद
साइबर क्राइम थाना मानसा की टीम ने तत्परता से काम करते हुए साहिल कुमार उर्फ गोरा को गिरफ्तार किया। उसके पास से 8 लाख 11 हजार रुपए नकद, 6 टच स्क्रीन मोबाइल फोन, 9 कीपैड मोबाइल फोन, 4 सिम कार्ड, एक लैपटॉप और एक कलर प्रिंटर बरामद किए गए। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के पास से 2 जाली मोहरें, 19 एटीएम कार्ड, 10 बैंक पासबुक, 2 जाली जॉब एग्रीमेंट लेटर, 3 पेन और 16 डाकखाने की पासबुक भी बरामद की हैं। जांच के दौरान पुलिस ने तरुण कुमार (डाकखाना बहादुरगढ़, हरियाणा) को भी इस मामले में नामजद किया है। यह गिरोह न केवल मोबाइल टावर लगाने के नाम पर ठगी करता था, बल्कि सरकारी नौकरी और पैसा देने के नाम पर भी भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बनाता था।


