भास्कर न्यूज | पंडरपानी जशपुर जिले के विकासखंड फरसाबहार के ग्राम सराईटोली में सुशासन दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित कार्यक्रम में सहकारी समितियों के निर्माण की मुख्यमंत्री ने घोषणा की। जशपुर जिला के 2 नवीन पंजीकृत दुग्ध सहकारी समिति और 2 नवीन पंजीकृत मछुआ सहकारी समितियों को पंजीयन प्रमाण पत्र का वितरण मुख्यमंत्री द्वारा किया गया। इसके साथ-साथ 4 किसानों को अपेक्स बैंक का रूपे एटीएम कार्ड भी वितरण किया गया। पंजीयन प्रमाण पत्र पाने वाले दुग्ध समिति में राधाकृष्ण दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति गाला और गोपाल कृष्ण दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति बघिमा तथा मछुआ समिति में शक्ति मछुआ सहकारी समिति सेंद्रीमुंडा और अटल मछुआ सहकारी समिति जुरतेला के समिति अध्यक्ष और सदस्यों को पंजीयन प्रमाण पत्र वितरण कर नवीन समितियों का शुभारंभ किया गया। सहकार से समृद्धि के तहत एक ओर सहकारिता विभाग की पैक्स समितियों में जन औषधि केंद्र, अन्न भंडार केंद्र, पेट्रोल डीजल पम्प, गैस एजेंसी, किसान समृद्धि केंद्र, उर्वरक वितरण केंद्र आदि की स्थापना किया जा रहा है तो दूसरी ओर पैक्स समितियों में सीएससी अंतर्गत समस्त सुविधा, ई डिस्ट्रिक्ट ईडी संबंधी समस्त सुविधा, माइक्रो एटीएम आदि की सुविधा भी दी जा रही है। इसके साथ ही पैक्स समितियों में पारदर्शिता लाने और आसान दस्तावेजीकरण तथा किसानों को ऋण की सुविधाजनक वितरण के लिए पूरे राज्य में पैक्स कंप्यूटराइजेशन का कार्य भी प्रक्रियाधीन है।


