रक्षाबंधन के पहले शुक्रवार शाम बिलासपुर के बाजारों में जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ के कारण शहर की सड़कों पर चारों ओर जाम की स्थिति बन गई। जाम में लोग घंटों फंसे रहे, जिससे उन्हें काफी परेशानी हुई। वहीं, कई जगह जाम में एंबुलेंस फंस गई, इससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इधर, ट्रैफिक पुलिस ने त्योहार के दौरान विशेष यातायात व्यवस्था की बात कही थी, लेकिन भारी भीड़ और अव्यवस्था को देखकर कई जगह ट्रैफिक पुलिसकर्मी खुद भी अपने ड्यूटी पाइंट से नदारद हो गए। इससे स्थिति और बिगड़ गई। हालांकि, ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि जहां-जहां जाम की स्थिति बनती है, वहां व्यवस्था सुधारने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत कुछ जगहों पर बेरिकेटिंग लगाकर ट्रैफिक कंट्रोल किया जा रहा है। पर्व से पहले उमड़ी भीड़, जगह-जगह लगा जाम
रक्षाबंधन पर्व से एक दिन पहले शुक्रवार को शहर के बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ की वजह से उसलापुर से लेकर मंगला चौक, मुंगेली नाका, रायपुर रोड, तिफरा, राजीव गांधी चौक, जरहाभाठा, महामाया चौक सरकंडा, सीपत चौक, राजकिशोर नगर, मोपका, दयालबंद और गांधी चौक समेत कई इलाकों में लंबा जाम लग गया। भीड़भाड़ के बीच चौक-चौराहों पर ट्रैफिक व्यवस्था संभालने का दावा करने वाली पुलिस भी नदारद दिखी, जिससे लोगों को घंटों परेशान होना पड़ा। बाजार में भी व्यवस्था चरमराई, सड़कों पर लगी दुकानें
दरअसल, इस बार रक्षाबंधन के पहले ट्रैफिक पुलिस ने कोई ठोस प्लानिंग नहीं की। बाजारों और आस-पास के कुछ चौक-चौराहों पर पुलिस जवान तैनात तो थे, लेकिन भीड़ के सामने वे भी बेबस नजर आए। पुलिस की लापरवाही के चलते शनिचरी बाजार समेत कई इलाकों में राखी की दुकानों के साथ ही ठेले और गुमटियां सड़कों पर सजी रही। इसके अलावा सड़कों के किनारे बेतरतीब तरीके से खड़ी गाड़ियों ने हालात और बिगाड़ दिए। कई जगह तो स्थिति यह हो गई कि लोगों को पैदल चलने तक की जगह नहीं मिल रही थी। नाली निर्माण के चलते जाम, फंसी रही एंबुलेंस
तोरवा क्षेत्र के लाल खदान क्षेत्र में शुक्रवार की शाम करीब 5 बजे से तीन से चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया। लाल खदान चौक और रेलवे ओवर ब्रिज पर चारों तरफ गाड़ियां फंस गई, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। जाम के कारण आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, एंबुलेंस में मरीज और परिजन फंसे रहे। इस अव्यवस्था की जानकारी देने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिसके लोग घंटों परेशान होते रहे। ट्रैफिक पुलिस ने नहीं की वैकल्पिक व्यवस्था
तोरवा क्षेत्र में नालियों की सफाई का काम चल रहा है। जेसीबी मशीन से सफाई के दौरान सड़क का एक हिस्सा बाधित हो गया, जिससे वाहनों की गति धीमी पड़ गई। थोड़ी ही देर में गाड़ियों की लंबी कतार लग गई और जाम कई किलोमीटर तक फैल गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि सफाई कार्य शुरू करने से पहले वैकल्पिक यातायात मार्ग की व्यवस्था नहीं की गई, जिसके कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई। इसी तरह पर्व के दौरान भी जाम से निपटने पुलिस ने प्लानिंग नहीं की, जिसके चलते लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। व्यवस्था बनाना छोड़, पुलिस सिखा रही जागरुकता का पाठ
दरअसल, यातायात पुलिस सुरक्षा का वादा, रक्षा की डोर, कानून की ओर” नाम से मुहिम चला रही है। इसके माध्यम से ट्रैफिक पुलिस शहर भर में लोगों को जागरूक कर रही है। इस दौरान पुलिस की टीम और सामाजिक संगठन के लोग ये संदेश दे रहे हैं कि हेलमेट पहनिए, सीट बेल्ट लगाइए, ट्रैफिक सिग्नल का पालन कीजिए और मोबाइल से दूरी बनाए रखिए। लेकिन, पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था बनाने के लिए यातायात पुलिस ने पहल नहीं की। लोग जाम की शिकायत करते रहे, फिर भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।


