ड्रग्स तस्करी पर कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने:बैज बोले-डबल इंजन सरकार में पाकिस्तान से आ रहा ड्रग्स, साव ने कहा-कांग्रेस ने प्रदेश को बनाया नशे का गढ़

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ड्रग तस्करी को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। एक तरफ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने बीजेपी सरकार पर हमला बोला है, तो डिप्टी सीएम अरुण साव ने कांग्रेस पर प्रदेश को नशे का गढ़ बनाने का आरोप लगाया है। कांग्रेस और बीजेपी के नेता सोशल मीडिया से लेकर सड़क तक एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं। दिल्ली से लौटे बैज, सरकार पर हमला बोला दिल्ली दौरे से छत्तीसगढ़ लौटे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य की बीजेपी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद पाकिस्तान से ड्रग्स की खेप पहुंच रही है, जो सीधे तौर पर भाजपा सरकार की नाकामी को दिखाता है। दीपक बैज ने कहा, जब बीजेपी के नेता फेल हो जाते हैं, तो वे अपनी जिम्मेदारी स्वीकारने की बजाय कभी कांग्रेस के नेताओं, तो कभी पूर्ववर्ती सरकार को दोष देते हैं। बैज ने बीजेपी सरकार और मंत्रियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि केंद्र के गृहमंत्री एक तरफ घुसपैठ रोकने के दावे करते हैं, लेकिन दूसरी तरफ पाकिस्तान से ड्रग्स छत्तीसगढ़ तक पहुंच रहा है। दीपक बैज ने कहा, सिर्फ बयानबाजी और विपक्ष पर आरोप लगाकर बीजेपी सरकार अपनी जिम्मेदारी से नहीं भाग सकती। लेकिन अब प्रदेश की जनता सब देख रही है। बीजेपी पूरी तरह फेल हो चुकी है। कांग्रेस ने प्रदेश को बनाया नशे का गढ़: अरुण साव छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम और बीजेपी नेता अरुण साव ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया है। डिप्टी सीएम साव ने कहा कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को नशे का गढ़ बनाया है। हमारी सरकार नशे के सौदागरों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। छत्तीसगढ़ में नशे के अवैध कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा। रायपुर पुलिस ने इंटरनेशनल ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क को किया बेनकाब बतादें कि छत्तीसगढ़ की रायपुर पुलिस ने इंटरनेशनल ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क को बेनकाब किया है। टिकरापारा पुलिस और ACCU की टीम ने छापेमारी कर 9 ड्रग्स तस्करों को पकड़ा है। इनके पास से 412 ग्राम 87 मिलीग्राम हेरोइन की जब्ती की है, जिसकी कीमत 1 करोड़ रुपए है। इंटरनेशनल ड्रग्स तस्कर पाकिस्तान से पंजाब हेरोइन लाते थे। इसकी अलग-अलग राज्यों में डिलीवरी होती थी। इसमें छत्तीसगढ़ का रायपुर भी शामिल है। रायपुर के कमल बिहार में ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का हब बनाया था। यहीं से छत्तीसगढ़ के कोने-कोने में सप्लाई होती थी। कुछ दिनों पहले रायपुर में एक युवती के ड्रग्स चाटने का VIDEO वायरल हुआ था, जिसे लेकर दैनिक भास्कर डिजिटल की टीम ने एक इनवेस्टिीगेशन रिपोर्ट पब्लिश की थी, जिसमें ड्रग्स कोडवर्ड और सप्लाई के ठिकानों का जिक्र किया था। इन्हीं ठिकानों में से एक पर पुलिस ने रेड की थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *