कोडरमा में बंद मकान से लाखों की चोरी:एक महीने से बंद था मकान, जेवरात और नगदी चोरी, पुलिस जांच में जुटी

कोडरमा थाना क्षेत्र में एक बार फिर लूट और चोरी की घटनाओं ने लोगों की नींद उड़ा दी है। ताजा मामला पुरनानगर का है, जहां एक बंद पड़े मकान से चोरों ने लाखों के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना ने इलाके के लोगों में भय और आक्रोश दोनों पैदा कर दिया है। यह वारदात दीपक सिंह के घर में हुई। गृहस्वामी के बेटे धीरज ने बताया कि उनका परिवार पिछले एक महीने से गया, बिहार में रह रहा था। जब उनकी मां कोडरमा के पुरनानगर स्थित अपने घर लौटीं, तो उन्होंने देखा कि घर का नजारा बदला-बदला है। सभी कमरों के दरवाजे क्षतिग्रस्त थे, जिससे साफ जाहिर था कि घर में चोरी हुई है। पांच लाख के गहने सहित अन्य की चोरी मकान के अंदर जाकर देखा तो अलमारी का दरवाजा टूटा हुआ था और लॉकर भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त पाए गए। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे लगभग पांच लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और करीब पचास हजार रुपए नकद गायब थे। यह देख परिवार के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत कोडरमा पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घर के आसपास के इलाके की भी जांच की। फिलहाल चोरों का कोई सुराग नहीं मिला है, लेकिन पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। आए दिन इलाके में हो रही घटनाएं गौरतलब है कि इस घटना से महज दो दिन पहले भी कोडरमा में अपराधियों ने एक वृद्ध महिला को निशाना बनाया था। डॉ. उर्मिला चौधरी के क्लिनिक के पास अपराधी महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए थे। लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है। निवासियों का कहना है कि कोडरमा और आसपास के इलाकों में आए दिन चोरी और लूट की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं दिख रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *