आद्रा रेल मंडल के चांडिल जंक्शन स्टेशन के पास शनिवार तड़के दो मालगाड़ियों के बीच भीषण टक्कर हो गई। घटना सुबह करीब 4 बजे हुई। जानकारी के मुताबिक टाटानगर से पुरुलिया की ओर डाउन लाइन पर जा रही आयरन लदी मालगाड़ी चांडिल स्टेशन पार करने के बाद पटरी से उतर गई। पटरी से उतरे डिब्बे विपरीत दिशा से आ रही दूसरी मालगाड़ी से टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दूसरी ट्रेन के कई डिब्बे भी पटरी से उतर गए। हादसे के तुरंत बाद रेल यातायात बाधित हो गया। रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, जांच शुरू घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के कर्मचारी और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गईं। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह दुर्घटना किस वजह से हुई। रेलवे अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक तौर पर पटरियों या सिग्नल सिस्टम में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। जोरदार धमाके जैसी सुनाई दी आवाज स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह-सुबह मालगाड़ी के चांडिल स्टेशन पार करने के कुछ ही मिनट बाद जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े तो देखा कि कई डिब्बे पटरी से उतरे हुए थे और लोहे का माल इधर-उधर बिखरा पड़ा था। यह हादसा पितकी रेलवे गेट और स्टेशन के बीच हुआ। लोगों का कहना है कि यदि यह टक्कर यात्री ट्रेन के साथ होती, तो जनहानि बहुत अधिक होती। चालक दल को मामूली चोट, लाइन ठप हादसे में दोनों मालगाड़ियों के चालक दल के कुछ सदस्यों को हल्की चोट आई है। घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस दुर्घटना के कारण चांडिल-मुरी रेल लाइन पूरी तरह ठप हो गई है। रेलवे ने आपात व्यवस्था लागू करते हुए यातायात बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया है। लगभग 20 ट्रेनों के परिचालन पर असर दुर्घटना के चलते कुल 10 ट्रेनों को रद्द करना पड़ा, जबकि लगभग 20 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। रद्द की गई ट्रेनों में शालीमार-तंबारम एक्सप्रेस, बक्सर-टाटा एक्सप्रेस, दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस, पटना-टाटा वंदे भारत, भुवनेश्वर-आनंद विहार साप्ताहिक, टाटा-कटिहार, अमृतसर-टाटा, पुरी-आनंद विहार, झारग्राम-पुरुलिया मेमू और टाटा-आसनसोल ट्रेन शामिल हैं। इसके अलावा भुवनेश्वर-नई दिल्ली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, राजधानी एक्सप्रेस, बिलासपुर-पटना और हावड़ा-रांची इंटरसिटी जैसी कई ट्रेनों को डायवर्ट या अन्य मार्गों से चलाया जा रहा है। यात्री सेवाओं के प्रभावित रहने की संभावना अगले 24 घंटे तक जताई जा रही है।


