बलौदाबाजार कलेक्टर दीपक सोनी शुक्रवार को अपनी बेटियों के साथ मंडी परिसर स्थित मनोविकास केंद्र पहुंचे। वहां उन्होंने बच्चों के साथ रक्षाबंधन का त्योहार मनाया। इस अवसर पर केंद्र की बालिका पोषिता वर्मा ने कलेक्टर सोनी को राखी बांधी। कलेक्टर ने बच्ची को स्नेहपूर्वक उपहार भेंट किया। बच्चों ने भी अपने हाथों से तैयार किया हुआ गिफ्ट हैम्पर कलेक्टर को भेंट किया। इस हैम्पर में मिलेट से बनी कुकीज और आकर्षक आकृतियों की मोमबत्तियां शामिल थीं। ये सभी उत्पाद उन्हें व्यवसायिक प्रशिक्षण के तहत बनाना सिखाया जा रहा है। कलेक्टर ने की बच्चों की प्रतिभा की सराहना कलेक्टर ने बच्चों की प्रतिभा और मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह त्योहार केवल भाई-बहन के रिश्ते का प्रतीक ही नहीं है। यह समाज में प्रेम और अपनापन बढ़ाने का माध्यम भी है। उन्होंने सभी बच्चों और उनके अभिभावकों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बच्चों को दिया जाता है व्यवसायिक प्रशिक्षण विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के विकास और पुनर्वास के लिए जिला प्रशासन की ओर से मनोविकास केंद्र संचालित किया जा रहा है। यहां विशेष शिक्षा और विभिन्न थेरेपी सेवाएं प्रदान की जाती हैं। इनमें फिजियोथेरेपी, स्पीच थेरेपी और बिहेवियर थेरेपी शामिल हैं। केंद्र में व्यवसायिक प्रशिक्षण भी दिया जाता है। इसमें सिलाई, कंप्यूटर साक्षरता और बागवानी सिखाई जाती है। मनोवैज्ञानिक परामर्श के साथ-साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित की जाती हैं। बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कौशल विकास कार्यक्रमों से भी जोड़ा जाता है।