गंगापुर सिटी जिला मुख्यालय सहित आस-पास के क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदल गया। इस साल जिले में सीजन की पहली मावठ शुक्रवार को पड़ी। बारिश के बाद ठिठुरन बढ़ गई और तापमान में भी 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। सीजन की पहली मावठ के चलते किसानों के चेहरे खिल गए। दूसरे दिन शनिवार को सुबह भी आसमान में बादल छाए रहे और सूरज के दर्शन नहीं होने से दिन में ही अंधेरा सा छाया रहा। साथ ही सर्द हवाओं से गलन का एहसास हुआ। शुक्रवार को सुबह से दिन भर आसमान में बादल छाए रहे और सूरज बादलों की ओट में छिपा रहा। शाम करीब साढ़े 6 बजे से बूंदाबांदी शुरू हो गई। रात करीब 10 बजे तक बूंदाबांदी का दौर जारी रहा। बारिश और सर्द हवाएं चलने से गलन और ठिठुरन बढ़ने लगी। बूंदाबांदी के दौरान आसमान में बिजलियां कड़कने लगी और बादल भी गरजते रहे। बाजार में लोग जल्द अपना कामकाज निपटाने लगे। शनिवार को दूसरे दिन भी सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और सर्द हवाएं चलती रही। लोग ऊनी कपड़ों में लिपटे नजर आए। साथ ही कई जगह लोगों ने सर्दी से बचने के लिए अलाव का सहारा लिया। बारिश के कारण किसानों के चेहरों पर खुशी दौड़ गई। मावठ होने से किसानों को गेहूं, चना और सरसों की फसल में उत्पादन बढ़ने की उम्मीद जगी है। किसानों का कहना है कि मावठ न केवल फसलों के लिए अमृत है, बल्कि इससे किसानों को भी लाभ होगा। न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री की गिरावट
शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहने और रात को मावठ के बाद तापमान में 3 डिग्री की गिरावट आई है। शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 3 डिग्री गिरकर 9 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान 16 डिग्री दर्ज किया गया। इससे लोगों को गलन का अहसास हुआ। विशेषज्ञों के अनुसार अभी आसमान में बादल छाए हुए हैं। जैसे ही बादल छंटेंगे, गलन और ज्यादा बढ़ेगी। दूसरी ओर मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले तीन दिन तक हलकी बारिश और इसी तरह का मौसम रहने की उम्मीद है।


