भास्कर न्यूज | जालंधर जिले में 15 नए आम आदमी क्लीनिक बनेंगे। इसके लिए साइट का चयन कर लिया है। चंडीगढ़ से मंजूरी मिलते ही काम शुरू होगा। वैसे भी सेहत विभाग ने आम आदमी क्लीनिक में डॉग बाइट का इलाज शुरू कर दिया है। ऐसा होने से सिविल अस्पताल में एंटी रैबिज वैक्सीन लगवाने आ रहे मरीजों की भीड़ कम हुई है। जिले में सेहत विभाग के पास 66 आम आदमी क्लीनिक हैं। फिलहाल इन क्लीनिक में बीपी, शुगर, गर्भवती महिलाओं की स्कैनिंग और बच्चों के स्वास्थ्य की जांच का काम चल रहा है। अब 24 नए क्लीनिक खोलने की कवायद शुरू हुई है। इसमें 15 की साइट फाइनल हो गई है। शहर में सराए खास, नंगल और लसाड़ा में क्लीनिक बनेंगे। इन क्लीनिकों में आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं भी होंगी जैसे चोट, दुर्घटना या तात्कालिक उपचार की जरूरत होने पर मदद मिलती है। इसके अलावा सरकारी योजनाओं का फायदा भी मिलेगा जैसे आयुष्मान भारत योजना या अन्य स्वास्थ्य योजनाएं, जिससे कम शुल्क या मुफ्त इलाज मिलता है। क्लीनिक में समय -समय पर जागरुकता कैंप भी लगेंगे ताकि लोगों को बीमारियों से बचाव के उपाय बताए जा सकें। यहां बनेंगे क्लीनिक जिले में गोराया, फिल्लौर, नकोदर, आदमपुर, भार्गव कैंप, बस्ती शेख, बूटां मंडी, लद्देवाली रोड, अमर गार्डन, जमशेर, करतारपुर अर्बन एरिया, करतारपुर में जगह देख ली गई है। जल्द काम शुरू होगा। नई इमारतें बनेंगी ^ साइट्स का चयन किया जा चुका है। इनमें काफी की बिल्डिंग पहले से बनी है, जैसे सीएचसी और पीएचसी आदि। जहां पर बिल्डिंग नहीं है। वहां पर नई बिल्डिंग बनेगी। इसके लिए निगम एजेंसी को काम एलॉट करेगी, फिर काम शुरू होगा। हालांकि क्लीनिक खुलने के करीब स्टॉफ भर्ती किया जाएगा। -डॉ. रमन गुप्ता, जिला परिवार कल्याण अधिकारी


