नर्मदापुरम समेत प्रदेश के 31जिलों में समर्थन मूल्य पर खरीफ की धान फसल की खरीदी हो रही है। प्रदेशभर में समर्थन मूल्य पर 3.71 लाख किसानों से 24.39 लाख मीट्रिक टन धान बेच चुके है। नर्मदापुरम जिले में भी अब तक 87688 मीट्रिक टन खरीदी हो चुकी है। जिसमें से 1423 मीट्रिक टन धान गोदाम और केंद्रों पर खुले में पड़ा है। शनिवार रात को बेमौसम बारिश की वजह से जिले के माखननगर, साकेत वेयरहाउस, जयंती सीड्स वेयरहाउस, श्री कृष्णा वेयरहाउस पिपरिया, डोलरिया समेत अन्य केंद्रों खुले में पड़ी लाखों रूपये की धान की फसल भीग गई। खाद्य और विपणन संघ द्वारा परिवहन करने में देरी और देखरेख में लापरवाही की वजह से शासन की लाखों रुपए की फसल कई जगह खराब हो गई। बता दें कमिश्नर द्वारा धान खरीदी के 24घंटे के भीतर ही परिवहन कर गोदामों में रखने के निर्देश है। बावजूद केंद्रों पर इस कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। इसी वजह से केंद्रों पर लाखों रुपए की खरीदी धान खुले में पड़ी है। हालांकि धान पर तिरपाल ढांककर बचाई जा रही। लेकिन जमीन गोली होने से फसल का नुकसान होगा। 30 दिसम्बर से अगले तीन दिन खरीदी स्थगित वर्षा को देखते हुए उपार्जन केन्द्रों पर उपलब्ध धान के सुरक्षित भण्डारण के लिए 30 दिसम्बर से 1 जनवरी तक के लिए समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी को स्थगित किया गया है। उक्त अवधि में धान विक्रय करने के लिए जिन किसानों द्वारा स्लॉट बुक किया गया है, उनके स्लॉट की वैधता अवधि 5 कार्य दिवस बढ़ाई गई है एवं इसकी सूचना SMS के माध्यम से किसानों को दी जा रही है। 02 जनवरी, 2025 से किसानों द्वारा नियमित रूप से धान की खरीदी उपार्जन केन्द्रों पर होगी। तस्वीरों में देखिए मंडी के हालात


