पशु पालकों से लाखों की ठगी का आरोपी गिरफ्तार:18 महीने से चल रहा था फरार, 10 हजार रुपए का इनाम था घोषित

दोवड़ा थाना पुलिस ने दोवड़ा, आसपुर और साबला क्षेत्र के पशु पालकों से लाखों रुपए की ठगी कर फरार हुए शातिर इनामी ठग को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने मवेशी खरीदने के नाम से पशु पालकों से ठगी की थी। पुलिस की ओर से आरोपी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था। आरोपी 18 महीने से फरार चल रहा था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। दोवड़ा थानाधिकारी मदनलाल खटीक ने बताया कि खेरमाल निवासी मुकेश पटेल ने 18 महीने पहले मामला दर्ज कराया था। रिपोर्ट में बताया था कि वह पशु पालक है। वहीं, भैसों का विक्रय करता है। बांसवाड़ा निवासी प्रकाश पुत्र जीतमल लबाना भैंस खरीदने का काम करता है, जिसमें वह दोवड़ा, आसपुर व साबला क्षेत्र में भैंसे खरीदने का काम करता है। वर्ष 2022 में प्रकाश लबाना भैंस खरीदने के लिए उसके घर पर आया था। इस दौरान उसने उसकी भैंस व उसकी बछड़ी का 57 हजार रुपए का सौदा तय किया था। वहीं, 7 हजार रुपए मौके पर देकर शेष राशि बाद में देने की बात कही थी। इसके अलावा प्रकाश ने उसके गांव सहित पड़ोसी गांव खेडा सामोर में भी कई पशु पालकों से भैसों का सौदा किया। कुछ राशि पहले देकर शेष राशि बाद में देने की बात कही थी।
बाद में आरोपी प्रकाश ने मुकेश सहित अन्य पशु पालकों की राशि नहीं लौटाई। वहीं, जब पीड़ित पशु पालकों ने फोन किए तो राशि लौटाने से इनकार कर दिया था। पुलिस ने पीड़ित पशु पालक की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया था, लेकिन आरोपी फरार हो गया था। उसकी पुलिस तलाश कर रही थी। वहीं, पुलिस ने आरोपी पर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। पिछले 18 महीने से फरार चल रहे आरोपी प्रकाश लबाना को पुलिस ने बांसवाडा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ दोवड़ा सहित आसपुर, साबला और बांसवाड़ा के गढ़ी में भी मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *