बलरामपुर जिले के ग्राम कंजिया से होकर जाने वाली प्रधानमंत्री सड़क योजना की सड़क जर्जर हो गई है। बॉक्साइट ले जाने वाले भारी ट्रकों के लगातार आवागमन से सड़क की स्थिति बिगड़ गई है। इससे स्थानीय ग्रामीणों को आवाजाही में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सरपंच सहित स्थानीय ग्रामीणों ने कई बार सड़क की मरम्मत और भारी वाहनों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। इसके बावजूद भारी वाहनों का आना-जाना जारी है। ग्राम कंजिया में करीब 2 किलोमीटर सड़क क्षमता से अधिक वजन वाले बॉक्साइट लोड ट्रकों के चलने से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। बोल्डर के कारण ग्रामीणों की बड़ी परेशानियां बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि लोगों के लिए पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। जब ग्रामीणों ने सड़क मरम्मत की मांग की, तो सड़क पर बड़े-बड़े बोल्डर डाल दिए गए। इससे समस्या कम होने के बजाय और बढ़ गई है। सड़क के जर्जर होने से अक्सर जाम की स्थिति भी बन जाती है। जनप्रतिनिधियों ने कई बार अधिकारियों को सड़क की खराब स्थिति के बारे में अवगत कराया है। लेकिन अभी तक सड़क की मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।


