डेढ़ महीने में दूसरी बार खराब हुआ CM का हेलिकॉप्टर:सड़क रास्ते से सारंगढ़-बिलाईगढ़ के लिए रवाना; हेलीपेड में 45 मिनट तक मेंटनेंस चला

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का हेलिकॉप्टर डेढ़ महीने में दूसरी बार खराब हुआ है। CM आज सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के दौरे पर रवाना होने ही वाले थे कि इससे पहले उनके हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई। जिससे वे उड़ान नहीं भर सके। पुलिस लाइन हेलीपेड में 45 मिनट तक हेलिकॉप्टर का मेंटनेंस चला। इस दौरान CM वेटिंग रूम में इंतजार करते रहे। हालांकि इतने समय बाद भी जब हेलीकाप्टर की कमी ठीक नहीं हुई तो वे सड़क के रास्ते सारंगढ़-बिलाईगढ़ के लिए रवाना हुए। नए शेड्यूल के मुताबिक सीएम 3 बजे सारंगढ़ पहुंचेंगे। इस दौरान उनके साथ क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव भी मौजूद थे। बता दें कि डेढ़ महीने पहले 21 जून को जशपुर दौरे के दौरान भी हेलीकाप्टर में तकनीकी दिक्कत आई थी। सीएम का आज का दौरा प्रभावित हुआ निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, सोमवार (11 अगस्त) को सीएम साय सुबह 11:25 बजे मुख्यमंत्री निवास से पुलिस ग्राउंड हेलीपैड पहुंचने वाले थे। 12:15 बजे सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिला मुख्यालय पहुंचना शेड्यूल में था। लेकिन दौरा शुरू होने से पहले ही प्रभावित हो गया। 12:15 बजे सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला मुख्यालय पहुंचना था। लेकिन हेलिकॉप्टर की तकनीकी दिक्कत के चलते सीएम साय का पूरा शेड्यूल बिगड़ गया। हेलीकाप्टर खराबी के सवालों पर सीएम सिक्योरिटी और जिम्मेदार अधिकारियों का फिलहाल कोई बयान सामने नहीं आया है। पढ़े सीएम साय का आज का शेड्यूल सीएम साय आज 17 कार्यक्रमों में शिरकत करने वाले थे। ये कार्यक्रम 12.15 से शाम 6 बजे तक चलने वाले थे। इन कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए सीएम सुबह 11.20 पर अपने निवास से निकले थे। अब सभी कार्यक्रम का समय बदल गया है। पहली बार नहीं हुई ऐसी समस्या स्टेट प्लेन खराब होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी 16 अक्टूबर 2024 को सीएम के बस्तर प्रवास के दौरान हेलीकाप्टर खराब हो चुका है। बस्तर दौरे में प्रशासन ने झारखंड से हेलीकाप्टर बुलाकर सीएम का दौरा शुरू करवाया था। इसी तरह से 21 जून को जशपुर दौरे के दौरान भी हेलीकाप्टर में तकनीकी दिक्कत आई थी। सरकार ने चार साल में 200 करोड़ रुपए किराया दिया छत्तीसगढ़ सरकार ने 2021 से 2024 के बीच हवाई यात्रा पर 200 करोड़ रुपए से अधिक खर्च किए हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार राज्य शासन समय-समय पर टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से निजी कंपनियों से हेलिकॉप्टर किराए पर लेता है। साल 2006-07 में शासन ने डबल इंजन युक्त शासकीय विमान ‘किंग एयर B-200, VT-CTG’ खरीदा था, जो दिसंबर 2006 से सेवा में है। साल 2021-22 में ढिल्लन एविएशन प्राइवेट लिमिटेड, गुड़गांव (हरियाणा) से 11 बार हेलिकॉप्टर लिया गया, जिस पर 6 करोड़ 66 लाख 42 हजार 783 रुपए खर्च हुए। वहीं, एयर किंग चार्टर प्राइवेट लिमिटेड से 21 बार हेलिकॉप्टर किराए पर लिया गया, जिसके लिए 18 करोड़ 15 लाख 92 हजार 159 रुपए का भुगतान हुआ। साल 2022-23 में ढिल्लन एविएशन से 41 बार किराया लिया गया, जिसकी लागत 59 करोड़ 99 लाख 44 हजार 105 रुपए रही, जबकि एयर किंग चार्टर से 16 बार किराए पर लेने पर 18 करोड़ 71 लाख 29 हजार 947 रुपए खर्च हुए। साल 2023-24 में ढिल्लन एविएशन से 51 बार हेलिकॉप्टर लिया गया, जिस पर 89 करोड़ 50 लाख 33 हजार 999 रुपए खर्च हुए। वहीं, 2024-25 में इसी कंपनी से 37 बार किराया लेने पर 56 करोड़ 11 लाख 99 हजार 825 रुपए का भुगतान किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *