गृहमंत्री विजय शर्मा ने सोमवार को सरगुजा जोन के पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। गृहमंत्री ने सभी पुलिस अधीक्षकों को पुलिस तंत्र को अधिक प्रभावी, संवेदनशील और जवाबदेह बनाने के सख्त निर्देश दिए। शर्मा ने कहा कि पुलिसिंग ऐसी हो कि जनता में सम्मान हो और अपराधियों में खौफ। गृहमंत्री की अगुवाई में भाजपा सरगुजा ने तिरंगा यात्रा भी निकाली। सरगुजा कोआर्डिनेशन सेंटर में आयोजित बैठक में गृहमंत्री विजय शर्मा ने पुलिस की लगातार गिरती साख को सुधारने की दिशा में काम करने का निर्देश दिया। शर्मा ने मानव तस्करी, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध, अवैध हथियारों और शराब, ड्रग्स की तस्करी रोकने प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सभी स्कूलों और कॉलेजों में ड्रग-फ्री कैंपस अभियान चलाने, छात्रों में नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने के भी निर्देश दिए। सट्टा, चिटफंड कंपनियों पर कड़ाई होगी
गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सट्टा और चिटफंड कंपनी के साथ मादक पदार्थों पर कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाएं। एनडीपीएस एक्ट के मामलों में एंड-टू-एंड इन्वेस्टिगेशन करें, ताकि अपराधियों को कठोर सजा मिल सके। चिटफंड कंपनियों के निवेशकों को धनवापसी के लिए भी कार्रवाई तेज करें। गृहमंत्री ने लगातार हो रहे हादसों पर रोक लगाने के लिए भी प्रभावी कदम उठाने के लिए कहा। उन्होंने नेशनल हाईवे सहित मुख्यमार्गों पर ब्लैक स्पॉट की पहचान करने, उनके सुधार के साथ ट्रैफिक पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए। गृहमंत्री ने सभी एसपी से कहा कि वे स्कूल, कॉलेजों में भी जाएं। सामुदायिक पुलिसिंग बढ़ाए जाने की जरूरत है। बैठक में अपर मुख्य सचिव गृह मनोज पिंगुआ, आईजी पीएचक्यू अजय यादव, आईजी सरगुजा दीपक झा सहित रेंज के सभी पुलिस अधिकारी उपस्थित थे। भाजपा की तिरंगा यात्रा में शामिल हुए गृहमंत्री
गृहमंत्री विजय शर्मा भाजपा सरगुजा के तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। भाजपा सरगुजा की तिरंगा यात्रा सर्किट हाउस से गांधी चौक तक निकाली गई। तिरंगा यात्रा में भाजपा के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित थे। गृहमंत्री विजय शर्मा ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि जोन के पुलिस अधिकारियों की बैठक में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था की समीक्षा की गई। आने वाले छह माह में पुलिस की कार्यप्रणाली में परिवर्तन दिखेगा।


