सरायकेला । दुगनी स्थित सीआरपीएफ बटालियन 134 के कैंप परिसर से बटालियन द्वारा विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। बटालियन के डिप्टी कमांडेंट राजेश कुमार के नेतृत्व में कैंप परिसर से निकाली गई उक्त तिरंगा यात्रा तकरीबन 10 किलोमीटर की पैदल दूरी तय करते हुए साहेबगंज स्थित पुराने कैंप परिसर पहुंची। इस दौरान देश भक्ति और भारत माता के जयकारे से समूचा क्षेत्र गूंजायमान रहा। बताया गया कि देश प्रेम की भावना और जन-जन में देश का गौरव विकसित करने के उद्देश्य से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। डिप्टी कमांडेंट राजेश कुमार ने बताया कि यह तिरंगा यात्रा गौरव यात्रा के रूप में संदेश दे रहा है कि देश प्रगति की राह पर है। और आगामी कार्यक्रम के रूप में इसे और भव्य बनाते हुए बाइक रैली के माध्यम से भी तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।


