बलरामपुर रामानुजगंज के राजपुर वन परिक्षेत्र में 35 हाथियों का दल पिछले दो दिनों से घूम रहा है। इस दल में 4 बेबी एलीफेंट भी शामिल हैं। हाथियों का झुंड राष्ट्रीय राजमार्ग-343 के आसपास देखा गया है। वन विभाग के कर्मचारियों ने हाथियों को NH-343 से दूर करने का प्रयास किया। हाथियों की संख्या अधिक होने और उनके आक्रामक रवैये के कारण यह काम मुश्किल रहा। अब हाथियों का दल राजपुर वन परिक्षेत्र के दुप्पी गांव के जंगल में है। रेंजर महाजन साहू ने बताया कि अभी तक कोई जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ है। उन्होंने ग्रामीणों और राहगीरों से हाथियों के पास न जाने की अपील की है। वन विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी कर रही है। टीम ग्रामीणों को सुरक्षा संबंधी जरूरी निर्देश दे रही है।


