कोडरमा| भाकपा जिला परिषद कोडरमा की बैठक सोमवार को हुई। बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा टैरिफ लगाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसानों के पक्ष में चुप्पी साधने के मुद्दे पर चर्चा हुई। किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं मिलने और कर्ज माफी जैसे सवालों को लेकर विरोध का निर्णय लिया गया। बैठक में 13 अगस्त को दोपहर 2 बजे कला मंदिर से जुलूस निकाला जाएगा। यह जुलूस पूर्णिमा टॉकीज तक जाएगा। वहां सभा होगी। इसके बाद झंडा चौक पर प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप का पुतला जलाया जाएगा। बैठक में राज्य सम्मेलन पर भी चर्चा हुई। 24, 25 और 26 अगस्त को प्रस्तावित राज्य सम्मेलन में भाग लेने का फैसला लिया गया। सभी कार्यकर्ता आसनसोल हटिया ट्रेन से रांची के लिए रवाना होंगे। 8 सितंबर को श्रम कल्याण कार्यालय के समक्ष मजदूरों की मांगों को लेकर विशाल प्रदर्शन किया जाएगा। चंदवारा अंचल की बैठक 14 अगस्त को होगी। कोडरमा अंचल की बैठक 18 अगस्त को और जयनगर अंचल की बैठक 20 अगस्त को होगी। इन बैठकों में राज्य सम्मेलन में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर विचार किया जाएगा। बैठक में जिला सम्मेलन का आय-व्यय का लेखा-जोखा भी प्रस्तुत किया गया। मौके पर जिला परिषद सदस्य, राष्ट्रीय परिषद सदस्य महादेव राम, जिला सचिव अर्जुन यादव मौजदू थे ।


