धनबाद जिले के लोयाबाद स्थित एकड़ा चाली धौड़ा के पास दर्दनाक सड़क हादसे में बीसीसीएल के इलेक्ट्रिकल विभाग के कर्मचारी खीरु महतो की मौके पर ही मौत हो गई। खीरु महतो गड़ेरिया के रहने वाले थे। मुनीडीह परियोजना में कार्यरत थे। पुलिस के अनुसार, वे अपनी बाइक से केंदुआ की ओर दवा लेने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार हाइवा (नंबर JH10CT 9400) ने ओवरटेक करने के दौरान उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। चालक वाहन छोड़कर फरार हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन को पास के शिव मंदिर के पास छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर लोयाबाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मृतक बीसीसीएल कर्मी थे, इसलिए नियमों के तहत उनके परिवार को नौकरी और मुआवजा मिलेगा। परिजनों के अनुसार, खीरु महतो की नौकरी उन्हें वीआरएस नीति के तहत उनकी मां की सेवा निवृत्ति के बाद मिली थी। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। अचानक हुई इस मौत से परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे से आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे और कतरास-केंदुआ मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि इस मार्ग पर हाइवा चालक बेलगाम रफ्तार से वाहन चलाते हैं। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी गति कम नहीं की जाती, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। आक्रोशित लोगों ने घटना के लिए प्रशासन और परिवहन विभाग को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना था कि सड़क पर नियमित पुलिस गश्त और गति नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। करीब आधे घंटे तक सड़क पूरी तरह से बाधित रही। बाद में थाना प्रभारी पिकू प्रसाद ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और आश्वासन दिया कि मृतक के परिवार को नियमों के अनुसार सहायता प्रदान की जाएगी। इसके बाद लोगों ने जाम हटा लिया।


