राजधानी और आसपास के 12 से अधिक लोगों से क्रिप्टो करेंसी में निवेश पर मोटा मुनाफा का झांसा देकर 1.11 करोड़ की ठगी कर ली गई। दो प्रॉपर्टी डीलर ने लोगों का झांसा दिया कि निवेश करने पर 1000 वर्गफीट जमीन व 75 हजार रुपए कमीशन मिलेगा। कई लोगों ने अपनी पैतृक संपत्ति बेचकर पैसा जमा कर दिया। उन्हें कुछ दिन कमीशन मिला भी, लेकिन उसके बाद आरोपी गायब हो गए। आरोपियों ने शेयर मार्केट में पैसे निवेश कर डुबो दिया। वहीं कुछ पैसों से जमीन खरीदी है। पुलिस ने बताया कि एक आरोपी अभिषेक मसीह को देर रात हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि देव बालोद निवासी भागीरथी यादव (43) कृषि दवा का कारोबार करता है। एक परिचित के माध्यम से उसकी मुलाकात जून 2024 में कमल विहार निवासी अभिलाष मसीह और अभिषेक प्रवीण जोसेफ से हुई। दोनों प्रॉपर्टी डीलर हैं। उनका देवपुरी के पास ऑफिस है। दोनों ने क्रिप्टो करेंसी में मोटा मुनाफा का झांसा दिया। आरोपियों ने भागीरथी से कहा कि 6 लाख रुपए निवेश करने पर जमीन और हर माह कमीशन देगा। भागीरथी ने रिश्तेदार से कर्ज लेकर 6 लाख रुपए जमा किया। आरोपियों ने एक माह कमीशन दिया। तीन माह के भीतर रजिस्ट्री का झांसा दिया। आरोपी ने उसके बाद कमीशन देना बंद कर दिया। इसी तरह आरोपियों ने 12 से अधिक लोगों से ठगी की। आरोपियों ने दफ्तर बंद कर दिया है। पैतृक जमीन बेचकर दिया पैसा, जो नहीं मिला : पुलिस ने बताया कि डीडी नगर गोल चौक निवासी जीवन साहू ने अपने गांव की पैतृक जमीन को ही बेच दी। जमीन बेचकर आरोपियों को 10 लाख दिया। आरोपियों ने उसे दो बार ही कमीशन दिया। उन्होंने 2 लाख रुपए और जमा किया। उसके बाद कुछ नहीं दिया। इसी तरह कुछ लोगों ने रिश्तेदारों व मार्केट से 10% कर्ज लेकर भी पैसा दिया है। बिलासपुर में खरीदी प्रॉपर्टी : आरोपियों की रायपुर के अलावा बिलासपुर में प्रॉपर्टी मिली है। उसकी जानकारी निकाली जा रही है। आरोपियों की प्रॉपर्टी कुर्क की जाएगी। नीलाम कर पीडि़तों को पैसा लौटाया जाएगा। इन लोगों से हुई ठगी