छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में किरंदुल NMDC प्लांट के कन्वेयर बेल्ट में देर रात भीषण आग लग गई। बेल्ट का करीब 200 मीटर हिस्सा पूरी तरह जल गया। इस घटना से NMDC को करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है। वहीं आग लगने की वजह से प्रोडक्शन भी रुका हुआ है। फिलहाल शॉर्ट सर्किट से आग लगने का कारण बताया जा रहा है। दरअसल, NMDC में जिस कन्वेयर बेल्ट में आग लगी है उसी के माध्यम से कच्चा लोहा खदान से नीचे लाया जाता है। बेल्ट में लगी आग को तो बुझा लिया गया है। हालांकि, NMDC को कितने करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है, यह अभी स्पष्ट नहीं है। शुरुआत में नक्सली वारदात की आशंका थी, लेकिन NMDC के टेक्नीशियन की माने तो शॉर्ट सर्किट वजह हो सकती है। रबर में लगी आग, धीरे-धीरे फैल गई कन्वेयर बेल्ट रबर का है। ऐसे में शुरुआत में कहीं से चिंगारी उठी और बेल्ट पर लगी। धीरे-धीरे कर बेल्ट पहले करीब 50 मीटर तक जला। तब तक इसकी खबर CISC और NMDC के अधिकारियों को मिल गई थी। रात में ही फायर ब्रिगेड की टीम के साथ कर्मचारी मौके पर पहुंच गए थे। वहीं देखते ही देखते करीब 200 मीटर तक आग फैली। बेल्ट पूरी तरह जल गया। जांच जारी इधर, NMDC की टीम आग लगने की असल वजह की जांच कर रही है। आग कहां से लगी? शॉर्ट सर्किट कैसे हुआ? इन सब सवालों के जवाब ढूंढने की कोशिश की जा रही है। क्या होता है कन्वेयर बेल्ट कन्वेयर बेल्ट बड़े-बड़े प्लांट और उद्योगों में इस्तेमाल किया जाता है। इस बेल्ट के माध्यम से किसी भी सामान को एक जगह से दूसरे जगह ले जाने का होता है। किरंदुल में जिस बेल्ट में आग लगी है इसमें कच्चा लोहा को नीचे लाया जाता था। कन्वेयर बेल्ट का उपयोग खनन उद्योग में बेहद अहम होता है। कन्वेयर बेल्ट रबर के होते हैं। यह बेल्ट मैनुअल लेबर सिस्टम की आवश्यकता को कम करने के साथ ही सुरक्षित होता है। इसमें ज्यादा से ज्यादा सामान कम समय में एक जगह से दूसरे जगह पर पहुंचाया जाता है।


