लुधियाना में अकाली दल को बड़ा झटका लगा है। खन्ना के गांव की सरपंच परमजीत कौर समेत कई पुराने परिवारों ने अकाली दल छोड़कर आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया है। घटना मोहनपुर गांव की है। इन परिवारों में चरणजीत सिंह, हरमिंदर सिंह, जसवीर सिंह, बब्बी, भाग सिंह और हरपाल सिंह शामिल हैं। ये सभी पिछले 30-35 सालों से अकाली दल के सक्रिय समर्थक रहे हैं। कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने नए सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने गांव के विकास के लिए 10 लाख रुपए की घोषणा की। मंत्री ने कहा कि सीएम भगवंत मान की कार्यशैली और पंजाब हित में उठाए गए कदमों की वजह से लोग आप से जुड़ रहे हैं। चरणजीत सिंह ने कहा कि मंत्री सौंद का विकास कार्यों के प्रति समर्पण प्रभावशाली है। जसवीर सिंह ने बताया कि अकाली दल की वर्तमान स्थिति देखकर पार्टी छोड़नी पड़ी। यह बदलाव दर्शाता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में आप की पकड़ मजबूत हो रही है। अकाली दल अपने पारंपरिक वोट बैंक को बचाने में जुटा है। मोहनपुर में हुए इस सामूहिक जुड़ाव से आगामी ब्लॉक समिति और जिला परिषद चुनावों में नई राजनीतिक समीकरण बन सकते हैं।


