भास्कर न्यूज | गिरिडीह उपायुक्त रामनिवास यादव ने मंगलवार को डीआरडीए सभागार में चल रहे सहायक आचार्य कक्षा 6 से 8, गणित और विज्ञान पद की काउंसलिंग प्रक्रिया का निरीक्षण किया। यह बहाली समग्र शिक्षा अभियान के तहत की जा रही है। उपायुक्त ने अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि सरकार के आदेश, विज्ञापन में दिए गए मानदंड और नियुक्ति नियमावली का पूरी तरह पालन हो। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने हेल्प डेस्क की व्यवस्था देखी। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए बनाए गए इस डेस्क पर दस्तावेज जांच में मदद दी जा रही है। काउंसलिंग में शामिल अभ्यर्थियों से सभी मूल प्रमाण-पत्र और दो-दो स्वप्रमाणित प्रतियां ली जा रही हैं। ये दस्तावेज दो फोल्डरों में क्रमवार जमा किए जा रहे हैं। हर फोल्डर पर अभ्यर्थी का नाम, अनुक्रमांक, विषय, पिता का नाम और श्रेणी साफ-साफ लिखा होना जरूरी है। दस्तावेजों की जांच के दौरान अगर कोई कमी मिलती है तो मौके पर ही सुधार का मौका दिया जा रहा है। अंतिम निर्णय प्रशासनिक मानकों के आधार पर होगा। दस्तावेज सत्यापन के बाद चयनित अभ्यर्थियों को पदस्थापन पत्र दिए जाएंगे। इसके बाद उन्हें संबंधित विद्यालयों में नियुक्त किया जाएगा। जिला प्रशासन यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ चला रहा है। उपायुक्त के निर्देश पर शिक्षा विभाग और चयन आयोग मिलकर काम कर रहे हैं। इसका मकसद जिले के सरकारी स्कूलों में योग्य शिक्षकों की बहाली जल्द पूरी करना है।


