अगले 4 दिन बारिश के बीच चलेगी हवा:प्रदेश के तापमान में 3 डिग्री तक होगी गिरावट, भारी बारिश का आसार नहीं

झारखंड में अगले कुछ दिनों तक कई स्थानों पर बारिश के आसार हैं। मौसम आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास या उससे थोड़ा अधिक दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस गिरिडीह और गोड्डा में रहा, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस लातेहार में दर्ज हुआ। पिछले 24 घंटे में सर्वाधिक 43.8 मिमी बारिश रांची में हुई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी 3 दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट हो सकती है। 13 से 15 अगस्त के बीच कई स्थानों पर मध्यम वर्षा और 16 अगस्त को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई गई है। हल्की बारिश के बीच चलेगी हवा अगले सप्ताह की शुरुआत में 17 अगस्त को कुछ स्थानों पर और 18 अगस्त को कई स्थानों पर मध्यम वर्षा होने का अनुमान है। वहीं, 13 से 15 अगस्त के बीच राज्य के कई हिस्सों विशेषकर मझगांव, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, रांची, रामगढ़ और गोड्डा में तेज हवा (30-40 किमी प्रति घंटा) चलने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने किसानों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है। रांची और आसपास छाए रहेंगे बादल रांची और आसपास के क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 12 से 16 अगस्त तक एक-दो बार गरज-चमक के साथ वर्षा होगी, जबकि 17 और 18 अगस्त को मेघ गर्जन के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी। अधिकतम तापमान 28 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। 1 जून से 12 अगस्त 2025 के बीच रांची में 1068.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से 65 प्रतिशत अधिक है। झारखंड के तापमान में रहेगा उतार-चढ़ाव झारखंड में अगले पांच दिनों तक तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव रहेगा। रांची, खूंटी और गुमला में अधिकतम तापमान 28 से 31 डिग्री और न्यूनतम 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सबसे अधिक तापमान गोड्डा और पाकुड़ में 36 डिग्री तक पहुंच सकता है। जबकि न्यूनतम 21 डिग्री रामगढ़ और लातेहार में दर्ज होने की संभावना है। उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी जिलों में अधिकतम तापमान 30-35 डिग्री के बीच रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में सामान्य से कम गर्मी और बीच-बीच में बारिश के कारण मौसम सुहावना बना रहेगा। झारखंड में हुई 865.5 मिलीमीटर बारिश 1 जून से 12 अगस्त 2025 के बीच झारखंड में औसतन 865.5 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य 627.6 मिलीमीटर से 38 प्रतिशत अधिक है। सबसे ज्यादा वर्षा पूर्वी सिंहभूम में 1276.5 मिमी दर्ज की गई, जो सामान्य से 89% अधिक है। इसके बाद सरायकेला-खरसावां में 74% और लातेहार में 68% अधिक बारिश हुई। रांची में 1068.6 मिमी वर्षा हुई, जो सामान्य से 65% ज्यादा है। वहीं, कुछ जिलों में बारिश सामान्य से कम रही, जैसे देवघर में 1% और पाकुड़ में 10% की कमी दर्ज की गई। राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश औसत से अधिक होने के कारण फसल और जलस्तर के लिए स्थिति अनुकूल बनी हुई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगस्त के शेष दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जिससे वर्षा का कुल आंकड़ा और बढ़ सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *